फेफड़ों और दिल को चीरकर घुसी गोली, डॉक्टरों ने 4 घंटे की सर्जरी में बचाई जान

Raipur Open Heart Surgery: राजधानी रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय के एडवांस कार्डियक इंस्टिट्यूट की हार्ट सर्जरी टीम ने एक अत्यंत जटिल और जोखिमपूर्ण सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देकर नई उपलब्धि हासिल की है। महाराष्ट्र बॉर्डर क्षेत्र में रहने वाले 40 साल के जीवन पटेल के हार्ट में धंसी गोली को निकालकर डॉक्टरों ने उसकी जान बचाई है। दरअसल, जीवन पटेल 19 नवंबर की दोपहर 4 बजे साप्ताहिक बाजार जा रहे थे। इसी बीच खड़गांव बस स्टैंड के पास आरोपी लालदास दुग्गा ने चिड़िया मारने वाली एयरगन से गोली चला दी।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में मतदाता सूचियों की जांच में तेजी, 69% प्रपत्रों का डिजिटलाइजेशन पूरा
छर्रा पीठ में धंसने के बाद उन्हें खड़गांव अस्पताल, फिर मोहला अस्पताल और वहां से 21 नवंबर को गंभीर हालत में अंबेडकर अस्पताल के एडवांस कार्डियक इंस्टिट्यूट रेफर किया गया। मरीज को ट्रॉमा यूनिट में लाया गया तो ब्लड प्रेशर सिर्फ 70/40 mmHg था। भारी रक्तस्राव और हार्ट के आसपास खून जमा होने से कार्डियक टैम्पोनेड की स्थिति बन गई, जिसमें हृदय ठीक से पंप नहीं कर पाता। तुरंत CT स्कैन किया गया, जिससे पता चला कि गोली पीठ से होती हुई पसलियों, फेफड़ों को चीरते हुए सीधे राइट वेंट्रिकल (Right Ventricle) में जा धंसी है। (Raipur Open Heart Surgery)

स्थिति की गंभीरता देखते हुए हाई-रिस्क और Death on Table कंसेंट लेकर ऑपरेशन थिएटर में शिफ्ट किया गया। हार्ट सर्जरी विभाग के डॉ. कृष्णकांत साहू और उनकी टीम ने हार्ट-लंग मशीन की मदद से दिल की धड़कन रोकी। इसके बाद राइट एट्रियम को काटा गया। ट्राइकस्पिड वाल्व को पार करते हुए दाएं वेंट्रिकल में धंसी 8mm × 4mm की गोली को खोजकर बाहर निकाला गया। गोली की सटीक स्थिति पता लगाना सबसे चुनौतीपूर्ण था। TEE (Transesophageal Echocardiography) में स्पष्ट लोकेशन नहीं मिलने पर मूवेबल डिजिटल एक्स-रे मशीन से कई बार एक्स-रे लेकर जगह का निर्धारण किया गया। (Raipur Open Heart Surgery)

डॉक्टरों के मुताबिक यह मशीन इस सर्जरी में वरदान साबित हुई। यह डिजिटल एक्स-रे डिजिटल कैमरा की तरह तुरंत स्क्रीन में फोटो भेज देता है और यह वायरलेस सिस्टम ब्लूटूथ से कनेक्ट होता है। ऑपरेशन के दौरान फेफड़ों का छेद, मुख्य पल्मोनरी धमनी और हृदय की चोटों को भी सटीकता के साथ रिपेयर किया गया। सर्जरी करीब 4 घंटे चली और इसमें 7 यूनिट ब्लड की जरूरत पड़ी। टीम ने बताया कि मरीज की हालत तेजी से सुधर रही है और जल्द ही उसे डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। यह ऑपरेशन तकनीकी रूप से बेहद कठिन था, क्योंकि गोली हृदय की मांसपेशी में धंसी हुई थी। समय पर पहुंचाए गए मरीज और सर्जरी टीम की कुशलता ने उसकी जान बचा ली। अस्पताल प्रशासन ने इसे एडवांस कार्डियक इंस्टिट्यूट की बड़ी सफलता बताया है। छत्तीसगढ़ में यह पहला केस है, जब दिल में लगी गोली लगने वाले मरीज को बचाया गया हो।



