Google Analytics —— Meta Pixel

खैरागढ़ में गंदा पानी पीने से एक की मौत, 50 से ज्यादा ग्रामीण बीमार 

Dirty Water in Khairagarh: खैरागढ़ जिले में दूषित पानी पीने से नया करेला गांव के हालात बिगड़ गए हैं, जहां 50 से ज्यादा ग्रामीण बीमार पड़ गए हैं। जबकि एक ग्रामीण की जान भी चली गई। मरीजों में उल्टी, दस्त और डायरिया के लक्षण मिले हैं। पांच गंभीर मरीजों को राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। यह सिलसिला 31 अक्टूबर को लिमउटोला गांव से शुरू हुआ, जहां समारू गोंड (37) नाम के ग्रामीण की तेज उल्टी-दस्त के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद से गांवों में स्वास्थ्य समस्याएं लगातार बढ़ती गई। खैरागढ़ विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक सेन ने पुष्टि की कि 23 नवंबर से मरीजों की संख्या में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालात बिगड़ते देख स्वास्थ्य विभाग ने गांव में इमरजेंसी मेडिकल कैंप लगाया है।

यह भी पढ़ें:- बिलासपुर हाईकोर्ट ने 1,188 शिक्षकों की ग्रेडेशन याचिकाएं की खारिज, ढाई लाख से ज्यादा शिक्षक प्रभावित  

स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए मेडिकल टीमें सुबह, शाम और रात तीनों शिफ्ट में तैनात हैं। गांव-गांव जाकर मरीजों की जांच, दवाइयां और ORS बांटा जा रहा है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि पीने के पानी की पाइपलाइन कई जगह नालियों से सटकर गुजरती है और लीकेज के कारण गंदा पानी सप्लाई लाइन में मिल रहा है। लिमउटोला की घटना के बाद भी पीएचई विभाग और पंचायत निष्क्रिय रही। ग्रामीणों की शिकायतों के बाद भी किसी ने सुध नहीं ली। अब नया करेला गांव उसी लापरवाही की कीमत चुका रहा है। मामला गंभीर होने के बाद पीएचई विभाग ने पानी के नमूने जांच के लिए हैं। साथ ही पाइपलाइन सुधार कार्य शुरू किया है, लेकिन ग्रामीणों की नाराजगी कम नहीं हुई है। उनका कहना है कि विभाग हर बार मौत और बीमारी के बाद ही क्यों जागता है ? (Dirty Water in Khairagarh)

सिस्टम से सवाल 

ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि हम कब तक दूषित पानी पीकर अपनी और बच्चों की जान जोखिम में डालते रहेंगे ? प्रशासन की चुप्पी, विभागों की सुस्ती, और बार-बार होने वाली लापरवाही गांवों में पानी संकट को और गहरा कर रही है। देश में दूषित और असुरक्षित पानी बड़े स्वास्थ्य संकट के रूप में उभर रहा है। भारत में असुरक्षित पानी के कारण प्रति 1 लाख आबादी पर 35 मौतें दर्ज की जाती हैं। स्वास्थ्य संबंधित अध्ययनों में बताया गया है कि देश में हर साल लगभग 3.7 करोड़ लोग दूषित पानी के कारण बीमार पड़ते हैं। इनमें उल्टी-दस्त, पीलिया, टाइफाइड, हैजा और जठरांत्र संक्रमण प्रमुख हैं। (Dirty Water in Khairagarh)

Back to top button
error: Content is protected !!