Google Analytics —— Meta Pixel

चीन में बड़ा रेल हादसा, टेस्ट ट्रेन की टक्कर से 11 कर्मचारियों की मौत, 2 घायल

Train Accident in China: चीन के दक्षिणी प्रांत युन्नान में गुरुवार सुबह बड़ा रेल हादसा हुआ है, जहां कुनमिंग शहर के लुओयांगजेन रेलवे स्टेशन पर एक टेस्ट ट्रेन ने ट्रैक पर काम कर रहे रेलवे कर्मचारियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में 11 कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक रेलवे कर्मचारी टर्निंग ट्रैक वाले हिस्से की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान भूकंप से जुड़े सिस्मिक इक्विपमेंट की जांच कर रही टेस्ट ट्रेन नंबर-55537, उसी ट्रैक पर पहुंच गई और कर्मचारियों को टक्कर मार दी। ट्रेन भूकंप मापने वाले उपकरणों की जांच के लिए चलाई जा रही थी।

यह भी पढ़ें:- खैरागढ़ में गंदा पानी पीने से एक की मौत, 50 से ज्यादा ग्रामीण बीमार 

टक्कर के तुरंत बाद रेलवे और लोकल प्रशासन ने इमरजेंसी रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कुनमिंग रेलवे अथॉरिटी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह दुर्घटना चीन में पिछले एक दशक में हुए सबसे गंभीर हादसों में से एक है। इससे पहले 2011 में झेजियांग प्रांत में हुए हादसे में 40 लोगों की मौत हुई थी। वहीं 2021 में गांसू प्रांत में भी एक ट्रेन ने कर्मचारियों को टक्कर मारी थी, जिसमें 9 लोगों की जान चली गई थी। युन्नान में हुआ हादसा भी उसी पैटर्न का है, जहां ट्रैक निरीक्षण या मरम्मत के दौरान ट्रेनें ऑपरेशन में रहती हैं।

हाई-स्पीड ट्रेन सुरक्षित, जोखिम में कर्मचारी 

चीन दुनिया का सबसे बड़ा रेलवे नेटवर्क चलाता है, जहां 1 लाख 60 हजार किमी से ज्यादा ट्रैक है, जिसमें हर साल अरबों यात्री सफर करते हैं। हाई-स्पीड रेल को दुनिया की सबसे सुरक्षित टेक्नोलॉजी में गिना जाता है, क्योंकि यह ऑटोमैटिक सिस्टम पर चलती है, लेकिन ट्रैक पर काम करने वाले कर्मचारियों के लिए सुरक्षा मानकों को लेकर चिंता बनी रहती है। रेलकर्मी तब सबसे ज्यादा जोखिम में होते हैं, जब ट्रैक पर मरम्मत का काम चल रहा हो। ट्रेनें टेस्ट रन पर हों। ग्राउंड टीम और कंट्रोल सेंटर के बीच कम्युनिकेशन में चूक हो जाए। (Train Accident in China)

विशेषज्ञों का कहना है कि सबसे बड़ी समस्या कम्युनिकेशन गैप है। कई बार यह जानकारी समय पर नहीं पहुंचती कि कौन-सा ट्रैक बंद है। किस दिशा से ट्रेन आने वाली है। सिग्नल में कोई अस्थायी बदलाव हुआ है या नहीं। यही तालमेल की कमी कई हादसों की वजह रही है। चीन में रेलवे दुर्घटनाओं की जांच रिपोर्ट अक्सर सार्वजनिक नहीं होती है, जिससे हादसों के वास्तविक कारणों पर संदेह बना रहता है। 2011 के बड़े रेल हादसे के बाद से ही चीन की रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और पारदर्शिता पर सवाल उठते रहे हैं। युन्नान में हुआ यह हादसा चीन की रेलवे सुरक्षा प्रणाली पर फिर सवाल खड़ा करता है कि तकनीक अत्याधुनिक है, लेकिन कर्मचारी सुरक्षा में अभी भी बड़ी खामियां हैं। कम्युनिकेशन की गड़बड़ी और तेज काम के दबाव जैसे कारण कई बार जानलेवा साबित होते हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!