अमेरिका में व्हाइट हाउस के पास फायरिंग, राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा- जिम्मेदारों को चुकानी होगी भारी कीमत

Firing in America: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन D.C. में बुधवार को व्हाइट हाउस के पास मौजूद फैरागट वेस्ट मेट्रो स्टेशन के पास बड़ा हमला हुआ। दो नेशनल गार्ड्स पर गोलीबारी की गई। इस घटना में अफगान शरणार्थी रहमानुल्लाह लाकनवाल (29 साल) को मौके से हिरासत में लिया गया है। FBI के मुताबिक लाकनवाल अगस्त 2021 में अफगानिस्तान से अमेरिका आया था। उसने 2024 में शरणार्थी स्टेटस के लिए आवेदन दिया था, जिसे अप्रैल 2025 में मंजूरी मिली थी।
कैसे हुई घटना ?
न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक लाकनवाल दोपहर करीब 2:15 बजे स्टेशन के पास कुछ देर घूमता रहा और फिर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। पहले उसने एक महिला गार्ड को सीने और फिर सिर में गोली मारी। इसके बाद उसने दूसरे गार्ड पर गोली चलाई। पास में मौजूद तीसरे गार्ड ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उस पर चार गोलियां चलाई। इसके बाद लाकनवाल को काबू कर लिया गया। हमलावर को लगभग बिना कपड़ों के एम्बुलेंस में ले जाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक एक गार्ड को सिर में गंभीर चोट लगी है। घायल सैनिक का नाम एंड्रयू वोल्फ बताया गया है, जिनकी सर्जरी हुईहै। महिला गार्ड की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें:- चीन में बड़ा रेल हादसा, टेस्ट ट्रेन की टक्कर से 11 कर्मचारियों की मौत, 2 घायल
जानकारी के मुताबिक लाकनवाल अफगानिस्तान के खोस्त प्रांत का रहने वाला था, जो 4 साल पहले अमेरिका आया था और वॉशिंगटन के बेलिंगहैम शहर में पत्नी और 5 बच्चों के साथ रहता था। वो 10 साल अफगान सेना में रहा, जिसने अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज के साथ संयुक्त ऑपरेशनों में हिस्सा लिया। कंधार के एक बेस पर भी तैनात रह चुका था। आखिरी बार परिजनों से बात के समय वह अमेजन कंपनी में काम कर रहा था। रिश्तेदारों का कहना है कि कई महीनों से उनका संपर्क नहीं था। (Firing in America)

इमिग्रेशन प्रोसेस पर तात्कालिक रोक
घटना के बाद अमेरिका ने अफगान नागरिकों से जुड़ी सभी इमिग्रेशन प्रक्रियाएं तुरंत रोक दी हैं। USCIS ने बताया कि अफगान नागरिकों की सभी रिक्वेस्ट अनिश्चितकाल के लिए रोकी गई है। सुरक्षा जांच और वेटिंग सिस्टम की दोबारा समीक्षा होगी। समीक्षा पूरी होने तक कोई भी अफगान इमिग्रेशन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ेगी। एजेंसी ने कहा कि अमेरिकी जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घटना को आतंकी हमला करार दिया। उन्होंने कहा कि जो भी शामिल हैं, उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी होगी। अफगान शरणार्थियों की अमेरिका में एंट्री तुरंत रोकी जाती है। यह पूरे राष्ट्र और मानवता के खिलाफ अपराध है।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर संदिग्ध को जानवर बताया और देशभर की सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने दावा किया कि बाइडेन शासन में अमेरिका में 2 करोड़ विदेशी बिना ठीक जांच के प्रवेश कर चुके हैं। ट्रंप ने कहा कि पिछली सरकार के दौरान आए सभी अफगान नागरिकों की दोबारा जांच होगी। FBI और वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक घटना की जांच आतंकी हमले के तौर पर की जा रही है। (Firing in America)

हमले के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने आदेश दिए हैं कि वॉशिंगटन D.C. में सुरक्षा बढ़ाने के लिए 500 अतिरिक्त नेशनल गार्ड्स भेजे जाएं। पुलिस का कहना है कि हमला एकल हमलावर ने किया है, जिसका मकसद अभी तक स्पष्ट नहीं है। वॉशिंगटन D.C. में नेशनल गार्ड की अतिरिक्त तैनाती पिछले कई महीनों से विवाद में थी। अगस्त में ट्रंप प्रशासन ने बढ़ते अपराध के कारण D.C. पुलिस को फेडरलाइज कर 8 राज्यों से गार्ड बुलाए थे। आदेश एक महीने बाद खत्म हो गया, लेकिन तैनाती जारी रही। पिछले हफ्ते एक संघीय जज ने तैनाती हटाने का आदेश दिया था। हालांकि फैसले पर 21 दिन की रोक लगी हुई है। इसी बीच फायरिंग की घटना हो गई।




