Google Analytics —— Meta Pixel

विहिप–बजरंग दल ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, गौवंश पर अत्याचार रोकने और पराली जलाने वालों पर कठोर कार्रवाई की मांग

VHP Bajrang Dal: बलौदाबाजार भाटापारा जिले में हाल ही में गौवंश पर हुई अमानवीय घटनाओं से आक्रोशित विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने मंगलवार को कलेक्टर दीपक सोनी को ज्ञापन सौंपकर कठोर कार्रवाई की मांग की।

यह भी पढ़े : महतारी वंदन योजना में ई-केवायसी प्रक्रिया तेज, अगली किश्त से पहले सभी लाभार्थियों का सत्यापन जरूरी

संगठन ने कहा कि भाटापारा में बछड़े को हलाल करने और कोलिहा (सिमगा) में जीवित बछड़े का पैर काटकर ले जाने जैसी विभत्स घटनाओं ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। ये घटनाएं न केवल क्रूरता का घृणित उदाहरण हैं, बल्कि हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत करने का प्रयास भी प्रतीत होती हैं।

गौवंश सुरक्षा व अवैध गतिविधियों पर रोक की मांग

ज्ञापन में विहिप–बजरंग दल ने कहा कि आरोपियों की मंशा जिले की शांति भंग करने की प्रतीत होती है, ऐसे में उनके खिलाफ हत्या जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर कठोर कार्रवाई अनिवार्य है।

संगठन ने कलेक्टर से निम्न प्रमुख मांगें रखीं-

  • गौ-हत्यारों पर हत्या की धारा जैसी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
  • मांस–मटन दुकानों को निर्धारित स्थानों पर शिफ्ट कर लाइसेंस प्रक्रिया सख्त की जाए, जिसमें स्थानीय व्यक्तियों को प्राथमिकता दी जाए।
  • अवैध एवं खुले में संचालित मांस दुकानों पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए।
  • साफ-सफाई व अनुशासन की निगरानी के लिए अधिकारियों की विशेष नियुक्ति की जाए।
  • जिले के मवेशी बाज़ारों के लाइसेंस निरस्त कर नई समीक्षा के बाद पुनः जारी किए जाएं।

किसानों को पराली न जलाने प्रोत्साहित करने का सुझाव

संगठन ने खेतों में पराली जलाने की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि धान खरीदी के दौरान पैरा/पैराकट्टी खरीदी को खेत के रकबे के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को पराली जलाए बिना पैरा संग्रहित करने के लिए प्रोत्साहन मिले।

विहिप जिला अध्यक्ष अभिषेक (मिकी) तिवारी ने कहा कि इन मांगों पर अमल होने से जिले व प्रदेश में गौसंरक्षण की दिशा में बड़ा सुधार होगा और स्थायी समाधान संभव होगा।

संगठन के पदाधिकारी रहे उपस्थित

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला मंत्री रामकुमार साहू (दुलदुला), जिला उपाध्यक्ष बिसौहाराम वर्मा (कौड़िया), बजरंग दल जिला संयोजक केवल साहू (बनसांकरा), मातृशक्ति संयोजिका आरती सर्राफ, लता वर्मा, गौसेवक जागेश्वर पटेल, गौरक्षा प्रमुख नारायण यादव, तथा दीपक साहू, तिलकराम वर्मा, रामकुमार साहू, तिरिथ राम निषाद, किरण साहू, शांति साहू, ममता टिकरिहा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

New Doc 11-28-2025 14.54
Back to top button
error: Content is protected !!