Google Analytics —— Meta Pixel

ठेका घोटाला: तांत्रिक केके श्रीवास्तव और बेटे के खिलाफ चार्जशीट, 441 करोड़ के लेनदेन का खुलासा

रायपुर। पूर्व कांग्रेस सरकार के दौरान ठेका दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले कथित तांत्रिक कृष्ण कुमार श्रीवास्तव उर्फ केके और उसके बेटे कंचन श्रीवास्तव के खिलाफ तेलीबांधा पुलिस ने चार्जशीट पेश की है। पुलिस की जांच में पिता-पुत्र के बैंक खातों में 441 करोड़ रुपये के लेनदेन का रिकॉर्ड मिला है, जबकि करोड़ों रुपये हवाला के जरिए चीन और ऑस्ट्रेलिया में निवेश किए जाने के भी सबूत मिले हैं।

यह भी पढ़े :- SIR पर डिप्टी CM का बड़ा बयान- 2003 की मतदाता सूची में नाम नहीं तो होगी जांच, जेल भेजे जाएंगे आरोपी

पुलिस के अनुसार, बिलासपुर निवासी केके श्रीवास्तव ने नोएडा की रावत एसोसिएट कंपनी के मालिक अर्जुन सिंह को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में 500 करोड़ रुपये का ठेका दिलाने का झांसा देकर 15 करोड़ रुपये की ठगी की। यह राशि जुलाई 2023 में अर्जुन सिंह द्वारा कई किस्तों में भेजी गई, जिन्हें बाद में पिता-पुत्र ने विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी केके ने राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर बड़े नेताओं से नज़दीकी का हवाला देकर भरोसा जीता। पुलिस ने बताया कि रकम ट्रांसफर करने के बाद आरोपी ने फर्जी दस्तावेज भेजकर अर्जुन सिंह को लगातार गुमराह किया।

फरार होने के बाद नागपुर और दिल्ली में छिपे रहे

एफआईआर दर्ज होने के बाद केके और कंचन फरार हो गए। जांच में पता चला कि युवा कांग्रेस के नेता आशीष शिंदे ने अपनी कार में केके को नागपुर पहुंचाया, जहां से वह दिल्ली गया और करीब एक महीने तक छिपा रहा।
24 जून को पुलिस ने केके को भोपाल से गिरफ्तार किया, जबकि कंचन और उसका सहयोगी अब्बास अली अब भी फरार हैं।

महादेव सट्टा कनेक्शन

चार्जशीट में महादेव सट्टा बुक से संभावित संबंध और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े तथ्य भी शामिल किए गए हैं। रिपोर्ट ईडी और सीबीआई को भेजी गई है और ईडी ने समानांतर जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों का कहना है कि महादेव सट्टा मामले में दिसंबर में पहली चार्जशीट दाखिल हो सकती है, जिसमें कई बड़े नामों का खुलासा संभव है।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, कंचन को रायपुर-बिलासपुर क्षेत्र में कई बार देखा गया और बनारस में हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी, लेकिन साक्ष्य के अभाव में छोड़ दिया गया।

Back to top button
error: Content is protected !!