रायगढ़ में ड्यूटी के बीच खूनखराबा, RPF जवान की फायरिंग से प्रधान आरक्षक की मौत

Jawan Kill Head Constable: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में आरपीएफ पोस्ट के भीतर ड्यूटी के बीच खूनखराबा हुआ है। दरअसल, एक आरपीएफ जवान ने अपने ही साथी प्रधान आरक्षक पी.के. मिश्रा को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जांजगीर-चांपा के रहने वाले आरोपी जवान का नाम एस. लादेर बताया जा रहा है। वहीं मृतक प्रधान आरक्षक पी.के. मिश्रा मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले थे। दोनों ही बैचमेट थे और रात की ड्यूटी पर तैनात थे।
यह भी पढ़ें:- ‘पाञ्चजन्य कॉनक्लेव- दंतेश्वरी डायलॉग’ में CM साय: सुशासन के दो वर्षों की बड़ी उपलब्धियाँ साझा
जानकारी के अनुसार तड़के करीब 4 बजे किसी बात को लेकर दोनों में बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी जवान ने अपनी सर्विस राइफल से चार राउंड फायर कर दिए, जो सीधे मिश्रा के सिर में लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। फिलहाल पोस्ट को सील कर दिया गया है और किसी को भी भीतर जाने की अनुमति नहीं है। आईजी स्तर के अधिकारी के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू होगी। मृतक की पत्नी भी घटनास्थल पर पहुंची। (Jawan Kill Head Constable)
17 मार्च को जवान ने की थी ASI की हत्या
इससे पहले 17 मार्च को रायपुर के ITBP 38वीं बटालियन कैंप में भी ऐसा ही मामला सामने आया था, जहां मॉर्निंग परेड के दौरान डांट पड़ने से नाराज होकर एक कॉन्स्टेबल ने ASI देवेंद्र सिंह दहिया को गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी कॉन्स्टेबल सरोज कुमार बिहार के बक्सर का रहने वाला है, जिसने इंसास राइफल से सीधे माथे पर पहली गोली मारी, उसके बाद 15 गोलियां सीने में, जबकि दो गोलियां इधर-उधर चली। मृतक ASI दहिया हरियाणा के रहने वाले थे। दोनों मामले लगातार सुरक्षाबलों के भीतर मनोवैज्ञानिक दबाव और तनाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।




