Google Analytics —— Meta Pixel

बेटी को लगातार धमकी मिलने से परेशान पिता ने रास्ते में लगाई फांसी, पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का लगाया आरोप

Man Suicide in Balod: बालोद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां ग्राम समिति अध्यक्ष रामनारायण टांडिया (44) ने सोमवार देर रात अपनी कार से लौटते समय रास्ते में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना उस समय हुई जब वे अपनी बेटी को दुर्ग कॉलेज से घर ला रहे थे। घटना के बाद उनकी बेटी घबराई हालत में करीब 1 किलोमीटर पैदल दौड़कर घर पहुंची और बड़े पिताजी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पूरा परिवार मौके पर पहुंचा। रात करीब 3 बजे शव को जिला अस्पताल की मर्च्युरी में रखा गया। परिजनों के मुताबिक मानपुर क्षेत्र का एक युवक पिछले कई महीनों से रामनारायण की बेटी को परेशान कर रहा था।

यह भी पढ़ें:- रायगढ़ में ड्यूटी के बीच खूनखराबा, RPF जवान की फायरिंग से प्रधान आरक्षक की मौत

17 अक्टूबर को रामनारायण ने युवक के खिलाफ FIR भी करवाई थी। युवक लगातार लड़की को धमकाता था, जिसके कारण पिता रोज बेटी को कॉलेज छोड़ने और लेने जाते थे। परिवार का कहना है कि पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। मृतक के बड़े भाई लक्ष्मीनारायण टांडिया ने बताया कि सोमवार शाम छोटा भाई बेटी को कॉलेज से लाते समय साल्हेटोला-धरमपुरा के बीच अचानक गाड़ी से उतरा और पेड़ से फांसी लगा ली। वो कई दिनों से मानसिक तनाव में था। उन्होंने बताया कि मृतक ने बचपन से ही बेटी को गोद लेकर पाला, उसे एमएससी तक पढ़ाया और अब डीएड की पढ़ाई करवा रहे थे। (Man Suicide in Balod)

 

वहीं मंगलवार दोपहर 1:30 बजे पोस्टमार्टम के बाद, परिजन, ग्रामीण और कांग्रेस कार्यकर्ता पिकअप में शव रखकर सीधे बालोद थाने पहुंचे, जहां पुलिस की कार्यशैली को लेकर जोरदार हंगामा हुआ। बालोद विधायक संगीता सिन्हा, पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी समेत कई नेता शाम 4:30 बजे तक धरने पर बैठे रहे। परिजनों और कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने शिकायत के बाद भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। लगातार धमकियों के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिससे मृतक तनाव में था। प्रदर्शनकारियों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध जताने की कोशिश की, लेकिन SDOP बोनिफास एक्का, टीआई शिशुपाल सिन्हा और यातायात प्रभारी रविशंकर पांडेय ने शव को उतारने नहीं दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच झूमाझटकी की स्थिति बन गई।

कांग्रेस विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि मृतक ने पहले शिकायत दर्ज करवाई थी, परिवार रोज बेटी की सुरक्षा को लेकर परेशान था। आरोपी का मोबाइल नंबर भी पुलिस को दिया गया था, फिर भी गिरफ्तारी नहीं हुई। यह पुलिस की बड़ी लापरवाही है। वहीं टीआई शिशुपाल ने कहा कि आरोपी फरार है। कई जगह दबिश दी गई है। मोबाइल नंबर ट्रेस कर लिया गया है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। मृतक ने FIR के बाद भी डेढ़ से दो माह तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई थी। वहीं परिजनों ने मृतक का शव थाने के सामने रखकर करीब ढाई घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। आंदोलन तब खत्म हुआ, जब पुलिस ने 6 दिनों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। DSP बोनिफास एक्का ने कहा कि जांच तेजी से की जा रही है। आरोपी जल्द पकड़ा जाएगा। रामनारायण टांडिया की दर्दनाक मौत ने जिले में पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!