नई विधानसभा में 14 दिसंबर से पहला शीतकालीन सत्र, पहले दिन नहीं होगा प्रश्नकाल

Chhattisgarh Winter Session: छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर स्थित नवनिर्मित विधानसभा भवन में इस साल शीतकालीन सत्र आयोजित किया जाएगा। नई विधानसभा में शिफ्टिंग का काम अंतिम चरण में है। अधिकारियों के मुताबिक सोमवार तक पूरी शिफ्टिंग प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। सत्र 14 दिसंबर से 17 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें औपचारिक बैठकें 15, 16 और 17 दिसंबर को होंगी। 14 दिसंबर (रविवार) को विधानसभा स्थापना दिवस के अवसर पर ‘विकसित भारत 2047’ विषय पर विशेष परिचर्चा आयोजित की जाएगी। सत्र के पहले दिन प्रश्नकाल निर्धारित नहीं है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई, 50 ठिकानों पर एक साथ की छापेमारी
इस बार के सत्र में कुल 628 प्रश्न लगाए गए हैं, जिसमें 333 तारांकित और 295 अतारांकित शामिल है। इनमें से 604 प्रश्न विधायकों ने ऑनलाइन लगाए हैं, जबकि 24 प्रश्न ऑफलाइन दर्ज हुए हैं। सदस्य 9 दिसंबर तक ध्यानाकर्षण और स्थगन प्रस्ताव की सूचना दे सकेंगे। विधायकों को सुबह 8 बजे तक ही नोटिस दाखिल करने का मौका मिलेगा। सचिवालय ने कहा कि एक सदस्य एक दिन में अधिकतम दो ध्यानाकर्षण और एक स्थगन नोटिस दे सकेगा। पूरे तीन दिन के सत्र में अधिकतम 6 ध्यानाकर्षण और तीन स्थगन नोटिस स्वीकार किए जाएंगे। (Chhattisgarh Winter Session)
नए विधानसभा भवन का सफर
सत्र के हंगामेदार होने की पूरी संभावना है। विपक्ष धान खरीदी, बिजली बिल, सड़कों की बदहाली, जमीन की गाइडलाइन में बढ़ोतरी, अपराधों में वृद्धि, कानून-व्यवस्था और धर्मांतरण के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। सरकार और विपक्ष दोनों महत्वपूर्ण मुद्दों पर आमने-सामने होंगे। सरकार इस सत्र में धर्मांतरण रोकने के लिए संशोधन विधेयक भी पेश करेगी। नवा रायपुर के सेक्टर-19 में स्थित नए विधानसभा भवन का निर्माण 51-52 एकड़ में 324 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है, जिसका 1 नवंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर लोकार्पण किया। भवन में अत्याधुनिक विधानसभा सदन, सचिवालय, सेंट्रल हॉल, 500 सीटों वाला ऑडिटोरियम, सोलर पैनल और सांस्कृतिक संग्रहालय जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। नई विधानसभा में होने वाला यह पहला शीतकालीन सत्र कई राजनीतिक, प्रशासनिक और विधायी पहलुओं को दिशा देगा।
सभी सवालों का दिया जाएगा जवाब: मंत्री जायसवाल
वहीं ‘विजन 2047’ पर पहली बार व्यापक चर्चा होने जा रही है, जो राज्य की आने वाले सालों की विकास रूपरेखा तय करेगी। जानकारी के मुताबिक इस सत्र में साय कैबिनेट के मंत्रियों को कांग्रेस विधायकों के साथ बीजेपी के विधायक भी घेरेंगे। सवालों की भारी संख्या से पता चलता है कि सत्र में कई मुद्दे जोर पकड़ेंगे। इससे नया विधानसभा भवन सियासी बहस का गवाह बनेगा। बता दें कि पुराने विधानसभा भवन में शुरू हुआ पिछला सत्र 18 नवंबर को था, जिसे अब नए भवन में आगे बढ़ाया जा रहा है। इस बार की व्यवस्था तय नियमों और विधायकों की तैयारियों के अनुरूप है। इसे लेकर कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकार की तैयारी पूरी है। मंत्री सारे जवाब देने के लिए तैयार हैं, जो सवाल आएगा उसका जवाब दिया जाएगा।




