Google Analytics —— Meta Pixel

बलरामपुर में पटरी से उतरी मिड डे मील योजना, हरी सब्जियां गायब, दाल-अचार पर निर्भर बच्चे

Balrampur Mid Day Meal: सरकारी स्कूलों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए संचालित मिड डे मील योजना का उद्देश्य बलरामपुर जिले के एक स्कूल में पूरी तरह से पटरी से उतर गया है। राजपुर विकासखंड के कोदौरा प्राथमिक शाला में मिड डे मील की बदहाली सामने आई है, जहां न तो मेनू चार्ट प्रदर्शित है और न ही बच्चों को निर्धारित पौष्टिक भोजन परोसा जा रहा है। बच्चों की थाली में चावल, मसूर की पतली दाल और अचार यही रोज का मेनू बन चुका है। हरी सब्जियां और मौसमी सब्जियों का कहीं नामोनिशान तक नहीं है, जबकि सरकार की ओर से बनाए गए नियम स्पष्ट रूप से पौष्टिक आहार सुनिश्चित करने की बात कहते हैं।

यह भी पढ़ें:- तीसरे वनडे में भारत की शानदार जीत, 2-1 से जीती सीरीज, साउथ अफ्रीका से टेस्ट हार का लिया बदला

स्कूल का नजारा चौंकाने वाला था। बच्चे परिसर में जहां जगह मिली, वहीं बैठकर खाना खा रहे थे। कोई मैदान में तो कोई धूल में। बैठने की कोई व्यवस्थित व्यवस्था नहीं। कई दिनों से बच्चों को सिर्फ मसूर का पानी जैसा दाल और अचार परोसा जा रहा है। हरी या पौष्टिक सब्जियों का किसी भी दिन उपयोग नहीं किया जा रहा। जब इस लापरवाही को लेकर स्कूल के प्रधान पाठक से पूछा गया कि उन्होंने भोजन चखा या नहीं तो वे बोले कि पारिवारिक कारणों से आज खाना नहीं चखा। दूसरी शिक्षिका उपवास पर हैं, लेकिन जब उसी शिक्षिका से पूछा गया कि उन्होंने सुबह नाश्ते में क्या खाया तो उनका जवाब था मैं घर से रोटी खाकर आई हूं।

मॉनिटरिंग करने वाला संकुल समन्वयक भी अनजान

यानी न उपवास, न कारण। प्रधान पाठक झूठ बोलते पकड़े गए। बचने के लिए यहां तक कि भगवान विष्णु का सहारा लेते नजर आए, लेकिन वास्तविकता तुरंत सामने आ गई। जिम्मेदारी की ढिलाई यहीं खत्म नहीं होती। स्कूल की मॉनिटरिंग करने वाले संकुल समन्वयक महेंद्र पैकरा को यह तक मालूम नहीं था कि स्कूल में किस दिन क्या बनना है। न मेनू चार्ट की जानकारी और न मिड डे मील की गुणवत्ता पर नजर। ऐसे में सवाल यह है कि जब मॉनिटरिंग ही अधूरी है तो बच्चों को पौष्टिक भोजन कैसे मिलेगा ? (Balrampur Mid Day Meal)

जांच के बाद होगी कार्रवाई: SDM

पूरा मामला सामने आने के बाद एसडीएम देवेंद्र प्रधान ने कहा कि जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर संबंधितों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बड़ा सवाल यह है कि क्या दाल-चावल और अचार से बच्चों को पोषण मिलेगा ? शिक्षकों की यह जिम्मेदारी होती है कि वे रोजाना मिड डे मील को चखकर उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करें, लेकिन यहां नियम हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। दोषी कौन ? क्या यह गड़बड़ी भोजन बनाने वाले महिला समूह की है ? या फिर अपने बचाव के लिए भगवान का नाम लेकर झूठ बोलने वाले शिक्षक की ? यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि शिक्षा विभाग बच्चों की थाली से पोषण छीनने वाले जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई करता है।

Back to top button
error: Content is protected !!