जिम से लौटने के बाद युवक ने की आत्महत्या, दोस्तों से विवाद के बाद दी जान…!

Suicide in Surguja: सरगुजा जिले में एक युवक ने आत्महत्या कर ली, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। शिकारी रोड के रहने वाले परम तिवारी ने शुक्रवार देर शाम जिम से लौटने के बाद फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। आत्मघाती कदम उठाने से पहले युवक ने एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने चार युवकों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस जांच के दौरान मृतक के मोबाइल में मिला वीडियो मामले को नया मोड़ दे रहा है। वीडियो में परम तिवारी ने कहा कि शुक्रवार शाम 7 बजे वह अपने दोस्त के साथ जिम से नीचे उतरा था।
यह भी पढ़ें:- एकतरफा प्यार में पागल शादीशुदा शख्स ने 15 साल की नाबालिग पर चाकू से किया हमला, मौके पर मौत, आरोपी ने भी खाया जहर
इसी दौरान विक्रांत तिवारी नाम के युवक ने उसे बात करने के बहाने कुछ दूर चलने के लिए कहा। आगे बढ़ते ही विक्रांत और अन्य युवकों के बीच विवाद हो गया। परम और उसके दोस्त राजेश ने मिलकर विक्रांत को बचाया और झगड़े को शांत कराया। इसके बाद सभी अपने-अपने घर लौट गए, लेकिन आरोप है कि देर रात जिन युवकों से विवाद हुआ था, वे परम तिवारी के घर पहुंच गए। मृतक के मुताबिक उन लोगों ने उसके माता-पिता और भाई के साथ गाली-गलौज की और उसे, उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी। वीडियो के अंत में परम तिवारी ने साफ कहा कि अगर उसके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके जिम्मेदार छोटू मिश्रा, बुद्धि पंडित, प्रांजल मिश्रा और विक्रांत मिश्रा होंगे। (Suicide in Surguja)
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घर के भीतर फांसी पर लटके युवक को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मृतक के बनाए गए वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की दिशा तय होगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं परिजन आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले को संवेदनशील मानते हुए आरोपियों की भूमिका की बारीकी से जांच कर रही है। (Suicide in Surguja)



