Google Analytics —— Meta Pixel

शहीद वीर नारायण सिंह का बलिदान, आत्मगौरव, संघर्ष और स्वाभिमान का प्रतीक: मुख्यमंत्री साय

CM Sai in Sonakhan: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि शहीद वीर नारायण सिंह का बलिदान छत्तीसगढ़ के आत्मगौरव, संघर्ष और स्वाभिमान का अमर प्रतीक है। वे आज सोनाखान में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश के प्रथम शहीद वीर नारायण सिंह को नमन करने पहुंचे, जहां उन्होंने शहीद के वंशजों को सम्मानित किया और क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। मुख्यमंत्री ने सोनाखान में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना अंतर्गत बस सेवा शुरू करने, नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपए, सियान सदन निर्माण के लिए 50 लाख रुपए और मड़ई मेला स्थल में शौचालय निर्माण के लिए 20 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की।

यह भी पढ़ें:- Startups in Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ में स्टार्टअप संस्कृति को नई उड़ान

उन्होंने कहा कि सोनाखान में इको-टूरिज्म विकास और सड़क निर्माण के लिए आवश्यक प्रावधान आगामी बजट में शामिल किए जाएंगे, जिससे इस ऐतिहासिक स्थल को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय लोगों को रोजगार और सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह अंग्रेजी शासन के अत्याचार के विरुद्ध गरीबों, किसानों और वंचित समुदायों के अधिकारों की रक्षा के लिए खड़े हुए एक ऐसे वीर सपूत थे, जिन्होंने भीषण अकाल के समय गरीबों में अनाज बांटकर मानवता की ऐतिहासिक मिसाल पेश की। अंग्रेजी हुकूमत ने 10 दिसंबर 1857 को उन्हें फांसी दे दी, लेकिन उनका बलिदान सदियों से संघर्ष, स्वाभिमान और अन्याय के प्रतिकार की प्रेरणा देता आया है। (CM Sai in Sonakhan)

CM साय ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘गारंटी’ के तहत अधिकांश वादों को पूरा किया है और आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर काम कर रही है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि आज ही के दिन अंग्रेजी हुकूमत ने रायपुर के जयस्तंभ चौक में वीर नारायण सिंह को फांसी दी थी। वे अन्याय के खिलाफ संघर्ष करते हुए शहीद हुए और उनका बलिदान पीढ़ियों तक लोगों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि विकास और कल्याण के लिए सरकार सतत कार्यरत है। (CM Sai in Sonakhan)

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुल 101.44 करोड़ रुपए की लागत के 119 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण के 10 हितग्राहियों को घरों की चाबियां सौंपी और ‘हम होंगे कामयाब’ कार्यक्रम के अंतर्गत 37 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। आदिवासी समाज के पांच प्रतिभावान छात्रों को भी मंच पर सम्मानित किया गया। समारोह में वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े और शहीद वीर नारायण सिंह के वंशज राजेंद्र दीवान समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। (CM Sai in Sonakhan)

मुख्यमंत्री साय की ओर से जिन कार्यों का लोकार्पण किया गया, उनमें ग्राम ओड़ान, खरतोरा, सकरी (स) और दतान (ख) में 9.88 करोड़ रुपए की लागत से रेट्रोफिटिंग नल-जल प्रदाय योजनाएं और गोरधा में एकल नल-जल प्रदाय योजना शामिल हैं, जिन कार्यों का भूमिपूजन किया गया उनमें अर्जुनी में 5.84 करोड़ रुपए की लागत से जोंक शीर्ष जीर्णोद्धार और तटबंध निर्माण, लवन शाखा नहर के तिल्दा, करदा लाटा और सिरियाडीह माइनर के 3.63 करोड़ रुपए की लागत से जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण, मटिया नाला में 3.36 करोड़ रुपए की लागत से स्टॉपडैम निर्माण, परसाडीह के खोरसीनाला में 2.99 करोड़ रुपए की लागत से स्टॉपडैम निर्माण और लाहोद में 2.60 करोड़ रुपए की लागत से निरीक्षण कुटीर और आवासीय भवन निर्माण कार्य मुख्य रूप से शामिल हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!