Google Analytics —— Meta Pixel

गाइडलाइन विवाद पर ‘कहानी युद्ध’: भूपेश बनाम ओपी चौधरी की कहानीबाज़ी से गरमाई राजनीति

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों दो दिग्गज नेताओं की कहानीबाज़ी सुर्खियों में है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वित्त मंत्री ओपी चौधरी सोशल मीडिया पर रूपकों और कथाओं के ज़रिये एक-दूसरे पर हमला बोल रहे हैं।

यह भी पढ़े :- बड़ी खबर: गरियाबंद पुलिस की बड़ी सफलता – नक्सलियों का IED प्लांट ध्वस्त, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद

भूपेश बघेल ने हाल ही में जमीन गाइडलाइन से जुड़े एक विज्ञापन पर टिप्पणी करते हुए सरकार पर निशाना साधने के लिए कहानी पोस्ट की। इसके जवाब में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भी एक प्रतीकात्मक कहानी लिखकर तीखा पलटवार किया, जिसकी राजनीतिक गलियारों में जोरदार चर्चा है।

ओपी चौधरी की कहानी—पुराना मुखिया, खाली खजाना और तंज

ओपी चौधरी की कहानी एक गांव, उसके पुराने मुखिया और खाली पोटली पर आधारित है। रूपक के माध्यम से उन्होंने पूर्व सरकार पर आरोप लगाया कि लंबे शासन के बावजूद सड़कें, अस्पताल और बुनियादी सुधार नहीं हुए और खजाना खाली छोड़ा गया।

कहानी में नया नेतृत्व जब पोटली खोलता है तो उसमें सिर्फ पत्थर होते हैं—यह प्रतीक पूर्व सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन पर सीधा हमला था।

इसके बाद चौधरी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

  • सड़कों में डामरीकरण
  • बहनों के खातों में राशि
  • स्कूलों में घंटी
  • गरीबों को घर
  • युवाओं को न्याय

सबसे तीखा तंज उनकी आखिरी पंक्तियों में था, जहां उन्होंने कहा—“डकैत की कहानी वही सुनाता है जिसकी तिजोरी पहले भरी हो और जिसकी आदत डकैती को शासन समझने की हो।”

भूपेश बघेल पर सीधा वार

चौधरी ने भूपेश बघेल को सीधे संबोधित करते हुए कहा—“भूपेश जी, कहानी कहने का हुनर आपका है, पर वार वहीं लगा जहां आप बचाना चाहते थे। अब जनता कहानी नहीं, सच पर भरोसा करती है।”

सोशल मीडिया में वायरल ‘कहानी युद्ध’

दोनों नेताओं की यह कहानी-आधारित बयानबाज़ी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। भाषा भले हल्की-फुल्की हो, पर राजनीतिक निहितार्थ बेहद गंभीर हैं।
एक ओर बघेल गाइडलाइन के मुद्दे पर सरकार को घेर रहे हैं, दूसरी ओर ओपी चौधरी वित्तीय अव्यवस्था और कामकाज को लेकर पूर्व सरकार पर हमला तेज कर रहे हैं।

फिलहाल जनता दोनों की ‘कहानी कला’ को पढ़ भी रही है, मजे भी ले रही है और अपनी-अपनी राजनीतिक समझ से अर्थ भी निकाल रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!