लव मैरिज से नाराज ससुर ने की थी नवविवाहिता की हत्या, कीटनाशक पिलाकर गला दबाया, फिर सेप्टिक टैंक में छिपाया शव

Murder in Kawardha: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सेप्टिक टैंक से मिली नवविवाहिता की लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में मिले शव की पहचान 20 साल की कामिनी निषाद के रूप में हुई थी, जिसके हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके ससुर जहल पटेल (55) को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
यह भी पढ़ें:- साय सरकार के 2 साल: जनविश्वास से जनकल्याण तक समग्र विकास की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री
दरअसल, गुरुवार को भोजराज पटेल के घर स्थित सेप्टिक टैंक से अचानक तेज बदबू आने लगी। दुर्गंध इतनी भयानक थी कि आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। परिवार और ग्रामीणों को किसी अनहोनी की आशंका हुई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जब सेप्टिक टैंक की जांच की गई तो अंदर से एक शव दिखाई दिया। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया, जो काफी हद तक डिकंपोज हो चुका था। शव की पहचान कामिनी निषाद के रूप में हुई। (Murder in Kawardha)
शादी के दो महीने बाद हुई थी गुमशुदा
कामिनी ने करीब छह महीने पहले भोजराज पटेल (23) से लव मैरिज की थी। दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे और जुलाई 2025 में शादी की थी, लेकिन बताया जा रहा है कि यह शादी भोजराज के परिवार को मंजूर नहीं थी, क्योंकि कामिनी दूसरी जाति से थी। शादी के सिर्फ दो महीने बाद यानी सितंबर में कामिनी अचानक लापता हो गई। पति भोजराज ने पहले खुद तलाश की, लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो 7 नवंबर को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस तब से मामले की जांच कर रही थी, लेकिन शव मिलने के बाद पूरा राज खुल गया। (Murder in Kawardha)

जांच के दौरान ग्रामीणों ने कामिनी के ससुर पर शक जताया। पुलिस ने जब जहल पटेल को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपी ने बताया कि बेटे की लव मैरिज उसे पसंद नहीं थी। बहू दूसरी जाति की थी, इसलिए वह इस रिश्ते के खिलाफ था। इसी नाराजगी में उसने बहू को कीटनाशक दवा पिलाई और फिर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के सेप्टिक टैंक में डाल दिया, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस के मुताबिक परिजनों से पूछताछ में कई विरोधाभास मिले थे, जिसके बाद शक गहराया। सख्ती से पूछताछ करने पर ससुर ने जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




