जानकारी के मुताबिक आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली PLGA (पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी) के अलग-अलग कैडर्स से जुड़े हुए थे। ये सभी बीते कई सालों से नक्सली संगठन में सक्रिय रहकर हिंसक गतिविधियों में शामिल थे। हालांकि अब इन्होंने हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया है। आत्मसमर्पण के दौरान नक्सली अपने साथ अत्याधुनिक और घातक हथियार लेकर पहुंचे, जिन्हें उन्होंने सुरक्षाबलों को सौंप दिया। इनमें 1 AK-47, 2 SLR राइफल, 1 बीजीएल (BGL) लॉन्चर और 1 नौ एमएम स्टेन गन शामिल हैं। (Naxalites Surrender in Sukma)
इन कैडर्स के नक्सलियों ने डाले हथियार
- PLGA बटालियन नंबर 1 का एक प्लाटून कमांडर (CYPCM रैंक)
- दरभा डिवीजन के 2 एरिया कमेटी सदस्य (ACM)
- PLGA मिलिट्री प्लाटून नंबर 31 का 1 PPCM सदस्य
- PLGA मिलिट्री प्लाटून नंबर 26 का 1 PPCM सदस्य
- गोल्लापल्ली LOS के 2 सदस्य
- 3 पार्टी सदस्य (PM)
सरेंडर नक्सलियों में से एक पर 8 लाख रुपए का इनाम था। जबकि चार नक्सलियों पर 5-5 लाख रुपए का इनाम रखा गया था। सभी नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ सरकार की “पूना मारगेम” (पुनर्वास से पुनर्जीवन) योजना के तहत आत्मसमर्पण किया है। इस योजना के अंतर्गत आत्मसमर्पित नक्सलियों को पुनर्वास, आर्थिक सहायता, कौशल प्रशिक्षण और समाज में सम्मानजनक जीवन जीने के अवसर प्रदान किए जाते हैं। बस्तर IG पी. सुंदरराज ने कहा कि सुकमा में 10 नक्सलियों का पुनर्वास यह दर्शाता है कि हिंसक और जनविरोधी नक्सली विचारधारा का अंत अब निकट है।
उन्होंने कहा कि लोग पूना मारगेम जैसी पुनर्वास योजनाओं पर भरोसा जताते हुए शांति, गरिमा और स्थायी विकास का रास्ता चुन रहे हैं। छत्तीसगढ़ शासन, भारत सरकार, बस्तर पुलिस और सुरक्षा बल क्षेत्र में शांति और विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। IG ने आगे कहा कि सुरक्षा बल लगातार नक्सल विरोधी अभियान चला रहे हैं, जिसके चलते नक्सली संगठन कमजोर पड़ रहा है और बड़ी संख्या में कैडर आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में शामिल हो रहे हैं। साथ ही उन्होंने बचे नक्सलियों से भी हिंसा छोड़कर सरेंडर करने की अपील की है। (Naxalites Surrender in Sukma)
पुनर्वास से पुनर्जीवन की नई शुरुआत: CM
वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुकमा जिले में दरभा डिवीजन कमेटी समेत विभिन्न नक्सली संगठनों से जुड़े 10 कैडरों के आत्मसमर्पण को ऐतिहासिक और सकारात्मक परिवर्तन का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नक्सलवाद मुक्त छत्तीसगढ़ का संकल्प अब सिर्फ लक्ष्य नहीं, बल्कि तेजी से साकार होती वास्तविकता बन रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई अब अपने निर्णायक मोड़ पर है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह आत्मसमर्पण इस बात का प्रमाण है कि बस्तर में अब हिंसा, भय और भटकाव की विचारधारा कमजोर पड़ रही है, जबकि विकास, विश्वास और संवाद की राह मजबूत हो रही है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हिंसा के रास्ते पर न वर्तमान सुरक्षित होता है और न ही भविष्य। छत्तीसगढ़ सरकार की विशेष पुनर्वास नीति आत्मसमर्पण करने वालों को सम्मान, सुरक्षा, आजीविका और समाज में पुनर्स्थापना की ठोस गारंटी देती है। मुख्यधारा में लौटकर ये लोग अपने परिवारों के साथ एक स्थायी, सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत कर सकते हैं। (Naxalites Surrender in Sukma)

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य पूरी तरह स्पष्ट है। छत्तीसगढ़ को पूरी तरह नक्सलवाद मुक्त बनाना और बस्तर को विकास, विश्वास और अवसरों की नई पहचान देना। मुख्यमंत्री साय ने आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों के निर्णय का स्वागत करते हुए अन्य भटके युवाओं से भी अपील की कि वे हिंसा का मार्ग छोड़कर लोकतांत्रिक व्यवस्था और विकास की मुख्यधारा से जुड़ें। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के समन्वित प्रयासों से सुरक्षा बलों की सशक्त कार्रवाई, विकास योजनाओं का विस्तार और पुनर्वास आधारित मानवीय दृष्टिकोण तीनों मिलकर बस्तर में परिवर्तन की नई कहानी लिख रहे हैं।
बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी कामयाबी
सुकमा में हुआ यह आत्मसमर्पण नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में शांति स्थापना की दिशा में एक और बड़ा कदम माना जा रहा है। सुरक्षाबलों का मानना है कि लगातार दबाव, विकास कार्यों और पुनर्वास योजनाओं के चलते नक्सल संगठन की पकड़ कमजोर हो रही है, जिसका असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। (Naxalites Surrender in Sukma)