छत्तीसगढ़ में SIR की नई समय-सारणी घोषित, रायपुर में विधानसभा-वार हेल्पलाइन नंबर जारी

Chhattisgarh SIR Time Table: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ राज्य में निर्धारित तिथि 01 जनवरी 2026 के संदर्भ में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। आयोग की ओर से एसआईआर प्रक्रिया का दायरा बढ़ाए जाने के कारण कार्यक्रम की तिथियों में आंशिक बदलाव किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार एन्यूमरेशन पीरियड अब 18 दिसंबर 2025 तक चलेगा। इसी अवधि में मतदान केंद्रों का पुनर्व्यवस्थापन भी पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके बाद कंट्रोल टेबल का अद्यतनीकरण और मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन की तैयारी 19 दिसंबर से 22 दिसंबर 2025 तक की जाएगी। मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 को किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- आज बस्तर दौरे पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, नो-ड्रोन जोन घोषित, तीन लेयर सुरक्षा व्यवस्था
दावा-आपत्ति दर्ज करने की संशोधित अवधि 23 दिसंबर 2025 से 14 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। इसी अवधि में प्राप्त दावा-आपत्तियों पर सुनवाई, सत्यापन और निराकरण की प्रक्रिया भी संपन्न होगी। अंतिम रूप से शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची का प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को सुव्यवस्थित और सरल बनाने के उद्देश्य से रायपुर जिला प्रशासन ने विधानसभा-वार हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन, विलोपन या किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए नागरिक अब सीधे इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। (Chhattisgarh SIR Time Table)
शिकायतों पर प्राथमिकता से की जाएगी कार्रवाई: कलेक्टर
कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार हर विधानसभा के लिए अलग-अलग सहायता नंबर निर्धारित किए गए हैं, ताकि आम नागरिकों को त्वरित और प्रभावी समाधान मिल सके। प्रशासन के अनुसार हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान अगर किसी प्रकार की कठिनाई उत्पन्न होती है तो तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सहायता प्राप्त करें।
विधानसभा-वार हेल्पलाइन नंबर
- पश्चिम विधानसभा: 9977222564
- दक्षिण विधानसभा: 9977222574
- उत्तर विधानसभा: 9977222584
- ग्रामीण विधानसभा: 9977222594
दुर्ग जिले में एसआईआर कार्य पूर्ण, री-वेरिफिकेशन जारी
इधर, दुर्ग जिले की सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों में SIR का काम पूरा कर लिया गया है। प्रशासन अब नए सिरे से मतदाताओं की जांच और मतदाता सूची को संशोधित करने की प्रक्रिया में जुट गया है। तय मानकों के मुताबिक 11 दिसंबर तक शेष औपचारिक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिले के सभी 1397 बीएलओ को फॉर्म-6 वितरित किए गए हैं, जिनके माध्यम से नए मतदाता अपना नाम जुड़वा सकेंगे। वहीं पात्र मतदाता अपना पोलिंग बूथ भी परिवर्तित कर सकेंगे। यह प्रक्रिया वोटर लिस्ट के ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद शुरू होगी। (Chhattisgarh SIR Time Table)
SIR स्टेटस रिपोर्ट के आंकड़े
एसआईआर स्टेटस रिपोर्ट के अनुसार दुर्ग जिले में कुल 37,099 मतदाता मृत पाए गए हैं। इनमें सर्वाधिक 8,956 मृत मतदाता दुर्ग शहर क्षेत्र में दर्ज हुए हैं, जबकि भिलाई नगर में सबसे कम 4,120 मृत मतदाता पाए गए हैं। इसके अलावा लगभग 1.50 लाख मतदाता ऐसे मिले, जो अपने पुराने पते पर निवास नहीं कर रहे हैं, इन्हें स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं की श्रेणी में रखा गया है। वहीं 51,059 मतदाताओं का कोई स्पष्ट पता उपलब्ध नहीं हो सका है। एसआईआर मैपिंग में यह भी सामने आया कि 4.42 लाख मतदाता ऐसे हैं, जिनके माता-पिता का नाम 2003 की मतदाता सूची में भी दर्ज है, इन्हें कैटेगरी ‘A’ में रखा गया है।
डिजिटलाइजेशन 100 प्रतिशत पूरा: कलेक्टर
4.48 लाख मतदाता ऐसे पाए गए, जिनका नाम 2003 की सूची में नहीं था, लेकिन 2025 की सूची में शामिल है, इन्हें कैटेगरी ‘B’ में शिफ्ट किया गया है। इसके अलावा 69,057 मतदाताओं का डेटा 2003 में उपलब्ध नहीं हो सका। कलेक्टर दुर्ग अभिजीत सिंह ने बताया कि जिले की सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों में फॉर्म का डिजिटलाइजेशन 100 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है, जिन मतदाताओं को नॉन-कलेक्टेबल श्रेणी जैसे मृत्यु, पता परिवर्तन, हस्ताक्षर से इनकार या अनुपस्थिति में रखा गया था, उनका पुनः री-वेरिफिकेशन भी किया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सके। (Chhattisgarh SIR Time Table)



