Google Analytics —— Meta Pixel

कुंवारा बनकर की चार शादियां, 44 लाख की ठगी, ‘लुटेरा दूल्हा’ गुजरात से गिरफ्तार

Story of Robber Groom: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की मोहन नगर पुलिस ने महिलाओं को शादी के जाल में फंसाकर लाखों रुपए और कीमती जेवरात ठगने वाले एक शातिर आरोपी को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 55 साल के बिरेन कुमार सोलंकी उर्फ बीरेंद्र सोलंकी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अब तक चार शादियां कर चुका है और उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें सबसे बड़े की उम्र करीब 35 साल है। पुलिस के मुताबिक बिरेन कुमार सोलंकी खुद को अविवाहित और एक निजी कंपनी में उच्च पद पर कार्यरत बताकर महिलाओं को भरोसे में लेता था। वह समाचार पत्रों में फर्जी वैवाहिक विज्ञापन प्रकाशित कराता और शादी की इच्छुक महिलाओं से संपर्क करता था। इसी तरह दुर्ग की एक शिक्षिका उसके झांसे में आई।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में नशे के सौदागरों पर बड़ी कार्रवाई, अलग-अलग जिलों से करोड़ों के गांजा जब्त

2019 में आरोपी के दिए गए वैवाहिक विज्ञापन को देखकर पीड़ित शिक्षिका ने उससे संपर्क किया। बातचीत के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान छिपाई और खुद को कुंवारा बताया। 2019 में शिक्षिका अहमदाबाद गई, जहां दोनों की मुलाकात हुई। इसके बाद आरोपी के कहने पर दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। नवंबर 2019 से अप्रैल 2023 तक दोनों लिव-इन में रहे। इस दौरान आरोपी ने यह बात छिपाकर रखी कि वह पहले से ही कई महिलाओं से शादी कर चुका है। 3 मई 2023 को दुर्ग के एक होटल में दोनों की शादी कराई गई। आरोपी ने ट्रेन टिकट नहीं मिलने का बहाना बनाकर परिवार और बारात न लाने की बात कही और अकेले कार से गुजरात से दुर्ग आया। शादी के बाद जब शिक्षिका आरोपी के साथ गुजरात गई तो उसने न तो अपने कथित पैतृक घर ले जाने दिया और न ही किसी रिश्तेदार से मिलवाया। बाद में जांच में सामने आया कि आरोपी के बताए गए गांव में उसका कोई घर या रिश्तेदार ही नहीं है।

32 लाख नकद और 12 लाख के जेवर हड़पे

पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने 2020 में मकान खरीदने का झांसा देकर हर महीने बैंक खाते में किस्त के नाम पर पैसे मंगवाए। 2021 से 2024 के बीच आरोपी ने यूपीआई और बैंक ट्रांसफर के जरिए करीब 18 लाख रुपए लिए। इसके अलावा अलग-अलग मौकों पर करीब 5 लाख रुपए नकद, शिक्षिका के सोने के गहने गिरवी रखवाकर 1.30 लाख रुपए का गोल्ड लोन भी निकलवाया, जिसकी किस्तें आज भी पीड़िता भर रही हैं। साल 2024 में आरोपी दुर्ग आया और महिला की अनुपस्थिति में घर से करीब 12 लाख रुपए के जेवरात और मोबाइल लेकर फरार हो गया। (Story of Robber Groom)

तीसरी पत्नी के बाद चौथी शादी

पुलिस जांच में सामने आया है कि दुर्ग की शिक्षिका आरोपी की तीसरी पत्नी थी। इसके बाद जून 2023 में आरोपी ने गुजरात की एक सरकारी महिला डॉक्टर से चौथी शादी भी कर ली। जब इस शादी की जानकारी शिक्षिका को हुई, तब आरोपी की पहली और दूसरी शादी समेत उसके तीन बच्चों की सच्चाई भी सामने आई। आरोपी का सिर्फ एक पत्नी से ही तलाक हुआ है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी अपना नाम और पता बार-बार बदलता रहता था। उसके पिता ने उसका नाम दिलीप सिंह झाला रखा था। उसकी पूर्व पत्नियों के बच्चे अपने पिता के नाम के आगे झाला लिखते हैं, जबकि आरोपी अलग-अलग दस्तावेजों में अलग नामों का इस्तेमाल करता था। उसका आधार कार्ड और वोटर ID भी अलग-अलग नामों से बने पाए गए हैं।

गुजरात से गिरफ्तारी, जांच जारी

लगातार ठिकाने बदलने के बाद आरोपी गुजरात में छिपा हुआ था। मोहन नगर पुलिस की टीम ने लोकेशन ट्रेस कर उसे गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया। पुलिस प्रवक्ता सीएसपी भिलाई सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि मामले में धोखाधड़ी, ठगी और अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। साथ ही सरकारी महिला डॉक्टर की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ दूसरे राज्यों में भी शिकायतें मिलने की संभावना है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। वहीं आरोपी से पूछताछ में कई नए खुलासे सामने आ सकते हैं। (Story of Robber Groom)

Back to top button
error: Content is protected !!