धान खरीदी को आसान बनाने की दिशा में राज्य सरकार का निर्णायक कदम: धान विक्रय प्रक्रिया हुई सरल, अब दिन-रात कभी भी मिलेगा टोकन

Tuhar Token App: छत्तीसगढ़ के किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तुहर टोकन एप को अब 24×7 खोल दिया गया है। अब मोबाइल एप से टोकन काटने के लिए किसी निर्धारित समय की बाध्यता नहीं रहेगी। किसान दिन-रात किसी भी समय अपनी सुविधा के अनुसार टोकन बुक कर सकेंगे। अब किसान 13 जनवरी तक अगले 20 दिनों तक के लिए टोकन ले सकते हैं। इससे किसानों को धान विक्रय की योजना बनाने और टोकन प्राप्त करने में पर्याप्त समय मिलेगा तथा भीड़ और तकनीकी दबाव की समस्या से राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें:- जशपुर में बनेगा अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी सौगात
राज्य सरकार की ओर से 2 एकड़ और 2 एकड़ से कम रकबा वाले किसान अब 31 जनवरी तक तुहर टोकन एप से टोकन ले सकेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर लघु किसनों के लिए यह सुविधा मुहैया कराई गई है। बता दें कि टोकन प्रत्येक सहकारी समिति को आवंटित सीमा के भीतर ही जारी किए जाएंगे। किसानों से आग्रह है कि वे समय रहते तूहर टोकन ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त करें और किसी भी असुविधा से बचें। (Tuhar Token App)

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि किसानों की सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तुहर टोकन एप को 24×7 खोलने और समय की बाध्यता समाप्त करने का निर्णय इसी सोच का परिणाम है। अब किसान बिना किसी दबाव के, अपनी सुविधा अनुसार टोकन बुक कर सकेंगे। 2 एकड़ और 2 एकड़ से कम रकबा वाले किसानों के लिए टोकन की अतिरिक्त समय सीमा और अवधि का विस्तार किसानों को वास्तविक राहत देगा। राज्य सरकार किसान हित में हर संभव कदम उठाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।



