नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया-राहुल को बड़ी राहत, ED की चार्जशीट पर सुनवाई से कोर्ट का इनकार
National Herald Case : नेशनल हेराल्ड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी को बड़ी राहत मिली है। आज 16 दिसंबर 2025 को राउज एवेन्यू कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दाखिल चार्जशीट पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया। हालांकि कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि ED चाहे तो मामले में जांच जारी रख सकती है।
यह भी पढ़े :- रायपुर की सड़कों पर ‘सत्ता’ का नशा? यूथ कांग्रेस नेता की कार ने मचाया तांडव
कोर्ट के इस फैसले को गांधी परिवार के लिए तात्कालिक राहत के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि चार्जशीट पर संज्ञान नहीं लिया गया है।
चार्जशीट में कई नाम शामिल
ED ने अपनी चार्जशीट में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, सैम पित्रोदा, सुमन दुबे, सुनील भंडारी के अलावा यंग इंडियन और डोटेक्स मर्चेंडाइज प्राइवेट लिमिटेड को आरोपी बनाया था। कांग्रेस की ओर से दलील दी गई कि यह कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित है, जबकि ED ने इसे गंभीर आर्थिक अपराध करार दिया है।
ED का आरोप: 2,000 करोड़ की संपत्ति पर साजिशन कब्जा
ED के अनुसार, एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) की लगभग 2,000 करोड़ रुपए की संपत्तियों पर कब्जा करने के लिए यंग इंडियन कंपनी के जरिए महज 50 लाख रुपए में अधिग्रहण किया गया। यंग इंडियन में 76 प्रतिशत हिस्सेदारी सोनिया और राहुल गांधी की बताई गई है।
ED ने इस मामले में 988 करोड़ रुपए को ‘अपराध से अर्जित आय’ माना है, जबकि संबद्ध संपत्तियों का बाजार मूल्य करीब 5,000 करोड़ रुपए बताया गया है।
चार्जशीट से पहले संपत्तियां जब्त
जांच के दौरान 12 अप्रैल 2025 को ED ने कुर्क संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई की थी। दिल्ली के हेराल्ड हाउस, मुंबई के बांद्रा (ईस्ट) और लखनऊ के विशेश्वर नाथ रोड स्थित AJL भवनों पर नोटिस चिपकाए गए थे।
इसके अलावा नवंबर 2023 में AJL के 90.2 करोड़ रुपए मूल्य के शेयर भी कुर्क किए गए थे। कुल मिलाकर लगभग 661 करोड़ रुपए की अचल संपत्तियां ED की कार्रवाई के दायरे में आई थीं।
क्या है नेशनल हेराल्ड केस
नेशनल हेराल्ड अखबार (National Herald Case) की स्थापना वर्ष 1938 में जवाहरलाल नेहरू ने करीब 5,000 स्वतंत्रता सेनानियों के साथ मिलकर की थी। इसका प्रकाशन एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड करती थी। वर्ष 2008 में अखबार का प्रकाशन बंद हो गया, जिसके बाद उसके अधिग्रहण और संपत्तियों को लेकर विवाद और घोटाले के आरोप सामने आए। (National Herald Case)



