प्रधानमंत्री मोदी को इथियोपिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, भारत-इथियोपिया संबंधों को मिली नई ऊंचाई

Ethiopia Highest Civilian Honour: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16-17 दिसंबर 2025 को इथियोपिया की अपनी पहली द्विपक्षीय यात्रा पर हैं। इस दौरान अदीस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में आयोजित एक विशेष समारोह में इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद ने प्रधानमंत्री मोदी को इथियोपिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से सम्मानित किया। यह सम्मान भारत-इथियोपिया साझेदारी को सशक्त बनाने में प्रधानमंत्री मोदी के असाधारण योगदान और एक वैश्विक राजनेता के रूप में उनके दूरदर्शी नेतृत्व के लिए प्रदान किया गया।
यह भी पढ़ें:- इथियोपिया संसद के संयुक्त सत्र में PM मोदी का संबोधन, बोले- भारत और इथियोपिया की दोस्ती सभ्यताओं जितनी पुरानी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विश्व की सबसे प्राचीन सभ्यताओं में से एक इथियोपिया से यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त करना उनके लिए अत्यंत गौरव और सम्मान की बात है। उन्होंने इसे पूरी विनम्रता और कृतज्ञता के साथ स्वीकार किया तथा इस सम्मान के लिए प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद और इथियोपिया की जनता के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से इथियोपिया में राष्ट्रीय एकता, स्थिरता और समावेशी विकास को मजबूती मिली है। (Ethiopia Highest Civilian Honour)

उन्होंने राष्ट्र निर्माण में ज्ञान और शिक्षा की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि भारतीय शिक्षकों का एक सदी से अधिक समय से इथियोपिया की प्रगति और विकास में योगदान देना भारत के लिए गर्व का विषय रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने यह प्रतिष्ठित सम्मान उन सभी भारतीयों और इथियोपियाई नागरिकों को समर्पित किया जिन्होंने सदियों से दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को पोषित किया है। उन्होंने इस सम्मान को 140 करोड़ भारतीयों की ओर से स्वीकार करते हुए गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि भारत और इथियोपिया के बीच घनिष्ठ साझेदारी को और मजबूत करेगी और वैश्विक दक्षिण के सकारात्मक एजेंडे को आगे बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध होगी।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दी बधाई
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी को इथियोपिया के सर्वोच्च पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी और इसे हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण बताया। X पर पोस्ट कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी को एक राजनेता के रूप में किसी विदेशी राष्ट्र द्वारा दिया गया 28वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है, जो उनके नेतृत्व में वैश्विक कूटनीति में भारत के बढ़ते प्रभाव और प्रतिष्ठा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान भारत और इथियोपिया के बीच मित्रता और सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में एक मील का पत्थर साबित होगा। (Ethiopia Highest Civilian Honour)




