धान खरीदी में बड़ा फर्जीवाड़ा: 920 क्विंटल की हेराफेरी, कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार
बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेवा सहकारी समिति एरमसाही के धान खरीदी केंद्र में बड़े पैमाने पर अनियमितता का खुलासा हुआ है। पुलिस ने धान खरीदी में फर्जीवाड़ा करने वाले कंप्यूटर ऑपरेटर कांशी राम खूंटे को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 920 क्विंटल धान की फर्जी खरीदी दर्शाकर शासन को 28 लाख 52 हजार रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप है।
इस मामले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मस्तूरी के मैनेजर सुशील पनोरे ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि खरीफ वर्ष 2025 के दौरान धान खरीदी केंद्र में कंप्यूटर सिस्टम के माध्यम से फर्जी प्रविष्टियां की गईं और वास्तविक स्टॉक से कहीं अधिक धान की खरीदी दर्शाई गई।
शिकायत के बाद गठित संयुक्त जांच दल ने धान खरीदी केंद्र का भौतिक सत्यापन किया, जिसमें 920 क्विंटल धान की भारी कमी पाई गई। जांच में स्पष्ट हुआ कि यह कृत्य धान उपार्जन नीति 2025 का गंभीर उल्लंघन है। आरोपी ने जानबूझकर कंप्यूटर में गलत एंट्री कर शासन के रिकॉर्ड में फर्जी खरीदी दर्ज की, जबकि केंद्र में उतनी मात्रा में धान मौजूद ही नहीं थी।
पुलिस ने आरोपी कांशी राम खूंटे को उसके निवास ग्राम एरमसाही से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और इस फर्जीवाड़े में अन्य कर्मचारियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।



