Google Analytics —— Meta Pixel

शराब पार्टी के बाद लिव-इन पार्टनर ने प्रेमिका की हत्या, बोरे में भरकर नाली में फेंकी लाश – 3 गिरफ्तार

भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला की बेरहमी से हत्या कर शव बोरे में भरकर नाली में फेंक दिया गया। पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

यह भी पढ़े :- CG NEWS : शव दफनाने को लेकर कांकेर में बवाल, आदिवासी–ईसाई समाज आमने-सामने, हालात बेकाबू

पुलिस के अनुसार, सुपेला थाना क्षेत्र में रहने वाले तुलाराम बंजारे (33) ने अपनी प्रेमिका आरती निर्मलकर उर्फ भारती (34) की हत्या की। घटना 5 दिसंबर 2025 की है। दोनों पिछले 4–5 महीनों से कोसानगर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।

शराब पार्टी के बाद हुआ विवाद, गुस्से में ली जान

घटना वाले दिन तुलाराम और आरती ने साथ में शराब पी और खाना खाया। नशे की हालत में किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गई। आरोपी ने पहले थप्पड़ मारा, फिर गला दबाया और महिला का सिर दीवार पर पटक दिया। गंभीर चोट लगने से आरती की मौके पर ही मौत हो गई।

सबूत मिटाने की साजिश: कपड़े जलाए, शव मोड़ा, बोरे में भरा

हत्या के बाद तुलाराम ने सबूत मिटाने की कोशिश की।

  • महिला के कपड़े चूल्हे में जला दिए
  • शव को घुटनों से मोड़कर प्लास्टिक की रस्सी से बांधा
  • फिर शव को प्लास्टिक की बोरी में पैक किया

इसके बाद उसने अपने भाई गोवर्धन प्रसाद बंजारे (28) और दोस्त ऑटो चालक शक्ति भौयर (42) को बुलाया। तीनों ने मिलकर शव को ऑटो में रखकर रातभर शहर में घुमाया।

आधी रात बाद नाली में फेंकी लाश

तीनों आरोपी चंद्रा–मौर्या अंडर ब्रिज के पास पहुंचे, लेकिन लोगों की आवाजाही ज्यादा होने के कारण घंटों इंतजार करते रहे।
जब तड़के करीब 3 बजे सन्नाटा हुआ, तब शव को नाली में फेंककर फरार हो गए।

8 दिन बाद हुआ खुलासा

13 दिसंबर को नाली से बोरे में बंद महिला की लाश बरामद हुई। पहचान के लिए पुलिस ने हाथ पर बने टैटू और अन्य निशानों की जानकारी सार्वजनिक की।

सुपेला निवासी अमरौतिन ने तुलाराम से संपर्क किया, जिस पर उसने झूठ बोला कि आरती अपने पिता के पास नागपुर गई है।
17 दिसंबर को अमरौतिन ने थाने पहुंचकर पूरी जानकारी दी। पुलिस ने तुलाराम को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जहां उसने जुर्म कबूल कर लिया।

तीनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने 18 दिसंबर को

  • तुलाराम बंजारे
  • गोवर्धन प्रसाद बंजारे
  • शक्ति भौयर

तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

 चौंकाने वाला पहलू

जिस जगह शव फेंका गया, वह इलाका काफी व्यस्त रहता है—
सुबह लोग टहलने जाते हैं, पास में दुकानें और गार्ड भी रहते हैं, इसके बावजूद 8 दिनों तक किसी की नजर शव पर नहीं पड़ी।

पुलिस का कहना

पुलिस के मुताबिक, आरती पहले दो शादियां कर चुकी थी। दोनों पतियों के नाम उसने हाथ में टैटू के रूप में गुदवाए थे। आरोपी ने बताया कि शराब के नशे में अक्सर विवाद होता था और 5 दिसंबर को गुस्से में आकर उसने हत्या कर दी।

Back to top button
error: Content is protected !!