बस्तर की महिलाओं ने दिल्ली में लहराया परचम, प्रतिष्ठित मिलेनियर फार्मर ऑफ इंडिया का मिला राष्ट्रीय सम्मान

Millennial Farmer of India: छत्तीसगढ़ के सुदूर वनांचल बस्तर जिले की महिलाएं अब अपनी मेहनत और जज्बे से खेती-किसानी के क्षेत्र में राष्ट्रीय पटल पर नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। इसी कड़ी में बस्तर जिले के बकावंड जनपद की दो प्रगतिशील महिला किसानों ने देश की राजधानी में अपनी सफलता का परचम लहराया है। नई दिल्ली के पूसा स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में आयोजित एक भव्य समारोह में इन महिलाओं को प्रतिष्ठित मिलेनियर फार्मर ऑफ इंडिया-2025 अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, जो पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।
यह भी पढ़ें:- सीरिया में ISIS पर अमेरिका का बड़ा हमला, ‘ऑपरेशन हॉकआई स्ट्राइक’ शुरू
सम्मानित होने वाली इन महिलाओं में छिंदगांव की सुमनी कश्यप और करीतगांव की नेत्री बाई कश्यप शामिल हैं। ये दोनों महिलाएं बिहान योजना के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और पिछले कुछ समय से खेती में नए प्रयोग कर रही हैं। कृषि जागरण की ओर से आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी, कृषि वैज्ञानिक और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. मांगी लाल जाट ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। (Millennial Farmer of India)

कार्यक्रम के दौरान किसानों को अन्नदाता और मिट्टी को सोना बनाने वाला बताकर उनकी भूमिका को सराहा गया। यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है, क्योंकि प्रतिकूल परिस्थितियों और रोजगार के लिए शहरों की ओर होते पलायन के दौर में इन महिलाओं ने अपने गांव में ही रहकर संघर्ष का रास्ता चुना। उन्होंने अपने क्षेत्र में मौजूद संसाधनों का सदुपयोग करते हुए कृषि में नवाचार, बेहतर उत्पादन और आधुनिक तकनीकों को अपनाया। इनके इस प्रयास ने न केवल उन्हें आर्थिक रूप से समृद्ध किया है, बल्कि वे आत्मनिर्भरता का एक ज्वलंत उदाहरण बनकर उभरी हैं।

दिल्ली के इस कार्यक्रम में बस्तर की इन महिला किसानों ने आधुनिक कृषि तकनीक, स्टार्टअप, मार्केटिंग और उद्यमिता पर आयोजित विभिन्न सत्रों में भाग लिया, जिससे उन्हें वैश्विक स्तर के कृषि बदलावों को समझने का मौका मिला। बस्तर से निकलकर देश की राजधानी में प्रतिनिधित्व करना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है और इनकी यह सफलता निश्चित रूप से क्षेत्र के लाखों युवाओं व महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। (Millennial Farmer of India)

इससे पहले धमतरी, मुंगेली और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले को सम्मान मिला था। CM साय ने ट्वीट कर कहा था कि मिलेनियर फार्मर ऑफ इंडिया-2025 अवॉर्ड में औषधीय और सुगंधित पौधों के कृषिकरण के क्षेत्र में जिलों को ‘कृषि क्षेत्र में निजी निवेशों के माध्यम से आजीविका विकास में प्रशासनिक उत्कृष्टता’ के लिए सम्मानित किया जाना छत्तीसगढ़ की सशक्त कृषि नीति और प्रभावी प्रशासन का प्रमाण है। यह उपलब्धि किसानों की आय वृद्धि, स्थानीय संसाधनों के वैज्ञानिक उपयोग और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों को दर्शाती है। यह हम सभी के लिए गर्व का क्षण है। इस सम्मान के लिए संबंधित अधिकारियों, संस्थाओं और किसान भाइयों को हार्दिक बधाई। छत्तीसगढ़ नवाचार, सतत कृषि और समावेशी विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।



