सौम्या चौरसिया 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल, पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास को 3 दिन की ED रिमांड

Soumya Sent Back Jail: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में ED की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की डिप्टी सेक्रेटरी रहीं सौम्या चौरसिया को कस्टोडियल रिमांड समाप्त होने के बाद ED की विशेष कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने सौम्या चौरसिया को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। ED ने कोर्ट से पूछताछ के लिए और समय नहीं मांगा। इसके बाद PMLA की विशेष कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया।
यह भी पढ़ें:- भारत ने वनडे के बाद T-20 सीरीज भी जीती, टेस्ट सीरीज में मिली थी शर्मनाक हार
इसी शराब घोटाले मामले में पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास को भी ED की विशेष कोर्ट में पेश किया गया। प्रवर्तन निदेशालय की ओर से निरंजन दास की कस्टोडियल रिमांड मांगी गई, जिसे कोर्ट ने स्वीकार करते हुए 3 दिन की रिमांड मंजूर की है। अब ED अगले तीन दिनों तक निरंजन दास से पूछताछ करेगी। ED के मुताबिक छत्तीसगढ़ शराब घोटाले से राज्य के खजाने को भारी नुकसान पहुंचा है। जांच में सामने आया है कि इस घोटाले से 2500 करोड़ रुपए से ज्यादा की अवैध कमाई की गई।
एजेंसी का दावा है कि सौम्या चौरसिया को करीब 115.5 करोड़ रुपए की अवैध राशि प्राप्त हुई थी।
सिंडिकेट की सक्रिय सदस्य थीं सौम्या चौरसिया: ED
ED की जांच में डिजिटल रिकॉर्ड, जब्त दस्तावेज और बयान सामने आए हैं, जिनसे यह साबित होता है कि सौम्या चौरसिया शराब सिंडिकेट की सक्रिय सदस्य थी। ED के मुताबिक सौम्या चौरसिया ने रिटायर्ड IAS अनिल टुटेजा, कारोबारी अनवर ढेबर और चैतन्य बघेल के साथ मिलकर अवैध शराब कारोबार और मनी लॉन्ड्रिंग में अहम भूमिका निभाई। जांच के दौरान ED को कई अहम व्हाट्सऐप चैट्स मिली हैं। शराब घोटाले को ऑपरेट करने के लिए ‘बिग बॉस’ नाम से एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया गया था, जिसमें सौम्या चौरसिया, अनिल टुटेजा, अनवर ढेबर, चैतन्य बघेल और अन्य अहम लोग जुड़े थे। इस ग्रुप के जरिए पैसों के लेन-देन, कलेक्शन और वितरण से जुड़े निर्देश दिए जाते थे। (Soumya Sent Back Jail)
पहले भी कई मामलों में हो चुकी है गिरफ्तारी
ED ने इससे पहले 2 दिसंबर 2022 को सौम्या चौरसिया को कोल लेवी घोटाले में गिरफ्तार किया था। इस मामले में वह करीब ढाई साल जेल में रहीं और पिछले छह महीनों से सुप्रीम कोर्ट से जमानत पर बाहर थी। इसके अलावा DMF घोटाला और आय से अधिक संपत्ति मामले में भी उनके खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। अब तक वे चार बड़े घोटालों में जेल जा चुकी हैं। ACB-EOW ने सौम्या चौरसिया के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में 8000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। जांच में सामने आया कि 17 साल की सेवा में उसे 2.51 करोड़ रुपए वेतन मिला, जबकि उन्होंने 49.69 करोड़ रुपए की बेनामी संपत्तियां खरीदी। एजेंसी ने इन संपत्तियों को अटैच कर लिया है।
क्या है छत्तीसगढ़ शराब घोटाला ?
सौम्या चौरसिया के वकील हर्षवर्धन परगनिया ने आरोप लगाया कि ED ने उन्हें अवैध तरीके से गिरफ्तार किया और बिना मजिस्ट्रेट जांच के कार्रवाई की गई। छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में 3200 करोड़ रुपए ज्यादा के घोटाले का आरोप है। ED की जांच के मुताबिक तत्कालीन भूपेश सरकार के कार्यकाल में अफसरों और कारोबारियों के सिंडिकेट के जरिए अवैध शराब कारोबार को अंजाम दिया गया। मामले में कई बड़े अफसर, नेता और कारोबारी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिसमें पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा और पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल भी शामिल हैं। जांच अभी जारी है। (Soumya Sent Back Jail)



