Google Analytics —— Meta Pixel

पुलिस आरक्षक की पिटाई: शराब दुकान के संचालक व साथियों ने पाइप-डंडों से किया हमला

दुर्ग। जिले में ड्यूटी से लौट रहे एक पुलिस आरक्षक के साथ मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। घटना 15 दिसंबर की रात की है। शराब दुकान के अहाता संचालक और उसके साथियों ने मिलकर पुलिस आरक्षक मोहम्मद कैफ (23) की पिटाई कर दी। मामला सुपेला थाना अंतर्गत स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र का है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

यह भी पढ़े :- सौम्या चौरसिया 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल, पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास को 3 दिन की ED रिमांड

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षक मोहम्मद कैफ दुर्ग के हरिनगर कातुल बोर्ड का निवासी है। उसने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में बताया कि 15 दिसंबर की रात करीब 9.30 बजे वह ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान प्रथम बटालियन भिलाई गेट के सामने स्थित देशी-अंग्रेजी शराब भट्टी के पास उसे बाथरूम जाने के लिए रुकना पड़ा।

बताया गया कि इसी बात को लेकर शराब भट्टी के अहाते का संचालक करण सिंह और उसके कुछ साथी मौके पर पहुंचे और विरोध करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद करण सिंह ने स्टील के पाइप से और उसके साथियों ने लकड़ी की बल्लियों से आरक्षक पर हमला कर दिया।

मारपीट के दौरान आरोपियों ने आरक्षक की जेब में रखे 2500 रुपये भी जबरन निकाल लिए। घटना में आरक्षक के सिर और बाएं कंधे में चोटें आई हैं।

पीड़ित ने घटना की जानकारी अपने दोस्तों विनोद सिंह और शेख शुहेल को दी, जो उसे लेकर स्मृतिनगर चौकी पहुंचे। वहां आरक्षक ने पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आरक्षक की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Back to top button
error: Content is protected !!