धमतरी में नेचुरल आइसक्रीम डीलरशिप के नाम पर 20 लाख की ठगी, संगठित ठगी का शक

Fraud in Dhamtari: धमतरी में नामी कंपनी की डीलरशिप दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। नेचुरल आइसक्रीम प्राइवेट लिमिटेड की डीलरशिप दिलाने का झांसा देकर अज्ञात आरोपियों ने एक व्यापारी से करीब 19 लाख 49 हजार 999 रुपए की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना में मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें:- बिलासपुर हाईकोर्ट के अतिरिक्त महाधिवक्ता रणवीर सिंह मरहास ने दिया इस्तीफा, पढ़ें पूरी खबर
जानकारी के मुताबिक शहर के अमलताशपुरम कॉलोनी में रहने वाले शिव अग्रवाल स्टील ट्रेडिंग का व्यवसाय करते हैं, जिन्होंने 2023 में नेचुरल आइसक्रीम प्राइवेट लिमिटेड की डीलरशिप के लिए कंपनी की ई-मेल आईडी पर ऑनलाइन आवेदन किया था। करीब दो साल बाद एक मोबाइल और लैंडलाइन नंबर से कॉल कर खुद को कंपनी से जुड़ा बताया गया और डीलरशिप दिलाने का भरोसा दिलाया गया।

आरोपियों ने अलग-अलग औपचारिकताओं का हवाला देते हुए पीड़ित को अपने झांसे में लिया और 9 दिसंबर से 15 दिसंबर 2025 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 19 लाख 49 हजार 999 रुपए जमा करवा लिए। रकम जमा होने के बाद न तो पीड़ित को डीलरशिप मिली और न ही आरोपियों से संपर्क हो पाया। फोन कॉल भी बंद हो गए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। (Fraud in Dhamtari)
पुलिस जांच में जुटी
मामले को लेकर एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यह मामला संगठित ठगी गिरोह से जुड़ा हो सकता है।
NCRB रिपोर्ट भी दे रही चेतावनी
नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार देश में साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। NCRB के आंकड़ों के मुताबिक कुल साइबर अपराधों में सबसे ज्यादा मामले ऑनलाइन फ्रॉड और आर्थिक ठगी से जुड़े हैं, जिनमें डीलरशिप, फ्रेंचाइजी और निवेश के नाम पर ठगी प्रमुख रूप से सामने आ रही है।
बड़ा सवाल
इस घटना के बाद बड़ा सवाल यह है कि क्या नामी कंपनियों के नाम पर ठगी करने वाला कोई सक्रिय गिरोह जिले और प्रदेश में काम कर रहा है और क्या पुलिस इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर पाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है। (Fraud in Dhamtari)



