नाबालिग लड़की का शव मोपेड में लेकर 35 किमी घूमते रहे कातिल, 9 थाने और पुलिस बेखबर…!
Minor Girl Murder Case: राजधानी रायपुर के अमलीडीह इलाके में झाड़ियों के पीछे मिली 16 साल की नाबालिग की हत्या के मामले में पुलिस ने 32 दिन बाद दो आरोपियों को पकड़ लिया है। हालांकि नाबालिग की गला दबाकर हत्या करने वाला मुख्य आरोपी रोहित कुमार अब भी फरार है। इस हत्याकांड ने रायपुर और दुर्ग जिले की पुलिसिंग, पेट्रोलिंग और रात्रि गश्त की पोल खोलकर रख दी है। जानकारी के मुताबिक 19 नवंबर की रात तेलीबांधा के रहने वाले रोहित कुमार ने नाबालिग की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपने साथी और नाबालिग के कथित प्रेमी हरीश पटेल के साथ शव को मोपेड में रखा और भिलाई पावर हाउस क्षेत्र से रायपुर की ओर निकल पड़ा।
यह भी पढ़ें:- दोस्त के साथ संबंध बनाने से इनकार करने पर नाबालिग की हत्या, भिलाई में ली जान, रायपुर में फेंका शव
हत्या के बाद आरोपी खुलेआम शव लेकर खुर्सीपार, भिलाई, कुम्हारी और टाटीबंध होते हुए करीब 35 किलोमीटर का सफर तय कर रायपुर के अमलीडीह इलाके पहुंचे। वहां एक खाली प्लॉट में झाड़ियों के पीछे शव फेंककर दोनों फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान आरोपी कई बार पुलिस के सामने से गुजरे और कुम्हारी टोल प्लाजा से भी निकले, जहां हमेशा पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग की गाड़ियां तैनात रहती हैं। बावजूद इसके न तो उन्हें रोका गया और न ही किसी ने संदेह जताया। भिलाई से अमलीडीह के बीच कुल 9 थाना क्षेत्र पड़ते हैं। इनमें छावनी थाना (भिलाई पावर हाउस), खुर्सीपार थाना, भिलाई-3 थाना, कुम्हारी थाना, रायपुर के आमानाका, डीडी नगर, पुरानी बस्ती, टिकरापारा और राजेंद्र नगर थाना शामिल हैं।
मानव तस्करी की भी आशंका
आरोपी राजेंद्र नगर थाना के सामने से भी होकर गुजरे, लेकिन कहीं भी पुलिस ने उन्हें नहीं रोका। पुलिस को इस मामले में मानव तस्करी की आशंका भी है। जांच में सामने आया है कि आरोपी रोहित और हरीश तेलीबांधा के सुभाष नगर इलाके में रहते हैं, जहां से हर महीने नाबालिगों के गायब होने की शिकायतें मिलती रही हैं। आशंका है कि नाबालिगों को उत्तर प्रदेश और बिहार ले जाकर ऑर्केस्ट्रा कंपनियों में बेच दिया जाता है, जहां उनसे डांस करवाकर मोटी कमाई की जाती है। पुलिस ने हरीश पटेल को प्रयागराज से गिरफ्तार किया है, जहां उसकी बहन रहती है। उसकी बहन एक ऑर्केस्ट्रा कंपनी में काम करती है, जिससे इस एंगल को और मजबूती मिल रही है।
कैटरिंग के बहाने निकली थी नाबालिग
तेलीबांधा थाना क्षेत्र की रहने वाली 16 साल की नाबालिग का शव 20 नवंबर को रायपुर के अमलीडीह इलाके में मिला था। पुलिस ने दो दिन पहले इस हत्याकांड में शामिल आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में सामने आया कि नाबालिग कैटरिंग में काम करने का बहाना बनाकर घर से निकली थी। वह भिलाई पहुंची, जहां रोहित और हरीश ने एक होटल में दो कमरे लिए थे। होटल में रोहित ने नाबालिग से दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आक्रोश में आकर उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों आरोपी मोपेड में शव रखकर भिलाई से रायपुर पहुंचे और अमलीडीह में फेंक दिया। (Minor Girl Murder Case)

डीजीपी के निर्देशों की उड़ रही धज्जियां…!
डीजीपी अरुणदेव गौतम इस मामले से पहले भी दो बार रायपुर पुलिस की बैठक लेकर बेसिक पुलिसिंग पर जोर दे चुके हैं। उन्होंने रात्रि गश्त के दौरान आधी रात घूमने वालों को रोकने-टोकने, शहर की सीमाओं पर जांच और हथियारों से लैस जवानों की तैनाती के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद इस घटना ने साफ कर दिया है कि निर्देशों का जमीनी स्तर पर पालन नहीं हो रहा है। राजधानी रायपुर में प्रभावी रात्रि गश्त नजर नहीं आ रही है। राजधानी होने के बावजूद रायपुर में रात्रि गश्त को लेकर अधिकारी से लेकर थाना प्रभारी तक गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। कुछ गिने-चुने अधिकारी ही गश्त को लेकर सजग हैं। जबकि अधिकांश केवल खानापूर्ति कर रहे हैं।
पेट्रोलिंग पूरी तरह फेल…!
आरोप है कि कई अधिकारी रात में गश्त पर निकलते ही नहीं हैं और जो निकलते भी हैं, उनकी गाड़ियां सिर्फ सड़कों पर घूमती नजर आती हैं। कुछ अधिकारियों के होटल या दफ्तर में सोते रहने के भी आरोप लग रहे हैं। इस पूरे मामले ने राजधानी की पुलिस व्यवस्था और रात्रि सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। इस बीच डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी पेट्रोलिंग पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पेट्रोलिंग सख्त करने की जरूरत है। अब हम ड्रोन पेट्रोलिंग की ओर आगे बढ़ रहे हैं। छत्तीसगढ़ में पहली बार ड्रोन से पेट्रोलिंग होगी। (Minor Girl Murder Case)



