Google Analytics —— Meta Pixel

भूपेश बघेल के हिंदुओं पर बयान से सियासी घमासान, बीजेपी नेताओं ने बोला हमला

BJP on Bhupesh Baghel: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हिंदुओं को लेकर दिए बयान पर सियासत तेज हो गई है। बघेल के मुगल शासन काल में हिंदू खतरे में नहीं थे वाले बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा ऐतराज जताया है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि जिसकी जैसी मानसिकता होती है, वही उसकी बातों में झलकती है। इसी मानसिकता का परिणाम है कि आज कांग्रेस की हालत क्षेत्रीय पार्टियों से भी बदतर हो गई है। पूरे देश में कांग्रेस एक तरफ से समाप्ति की ओर बढ़ रही है।

यह भी पढ़ें:- भूपेश बघेल का BJP-RSS और कथावाचकों पर निशाना, बोले- कभी खतरे में नहीं थे हिंदू

उन्होंने कहा कि बीजेपी और आरएसएस का डर दिखाकर कांग्रेस ने तीन बार चुनाव जीता, लेकिन अब जनता सब समझ चुकी है। पूर्व मंत्री और बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने भी पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल को बिना सिर-पैर के बयान देने से बचना चाहिए। पहले उन्हें इतिहास ठीक से पढ़ लेना चाहिए। चंद्राकर ने कहा कि फारूक अब्दुल्ला, मोहम्मद अली जिन्ना और लियाकत अली खान जैसे नेताओं की कितनी पीढ़ियों में धर्मांतरण हुआ और किन परिस्थितियों में हुआ, इसका अध्ययन भूपेश बघेल को करना चाहिए। साथ ही कश्मीर की डेमोग्राफी क्या थी और उसमें बदलाव क्यों आया, इस पर भी शोध कर लें, फिर बहस करें। उन्होंने कहा कि बिना तथ्य और संदर्भ के बयान देना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है।

भूपेश बघेल का बयान तथ्यहीन: केदार गुप्ता

वहीं बीजेपी नेता केदार गुप्ता ने कहा कि समझ में नहीं आता कि कांग्रेस अपने नेताओं को किस तरह का राजनीतिक और ऐतिहासिक पाठ पढ़ाती है। भूपेश बघेल ने यह कहा कि मुगल शासन के समय हिंदू खतरे में नहीं थे, जो पूरी तरह तथ्यहीन है। केदार गुप्ता ने कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा पर भूपेश बघेल के किए गए कटाक्ष पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रदीप मिश्रा जो बता रहे हैं, उसे हिंदू समाज सदियों से मानता और करता आ रहा है। भोलेनाथ पर जल अर्पित करना भारतीय परंपरा का हिस्सा है, इसे अंधविश्वास कहना हमारी संस्कृति का अपमान है। गुप्ता ने बाबरी मस्जिद-राम मंदिर विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला देश के सामने है। (BJP on Bhupesh Baghel)

इतिहास पढ़कर देना चाहिए बयान: BJP

उन्होंने कहा कि जहां रामलला का मंदिर था, उसी स्थान पर मंदिर का निर्माण हुआ। इससे यह स्पष्ट हो जाता है कि बाबर कौन था और उसका इतिहास क्या रहा है। उन्होंने आगे कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि कई महिलाओं और रानियों को अपनी इज्जत और सम्मान बचाने के लिए अग्नि में कूदकर जान देनी पड़ी। ऐसे तथ्यों को नकारा नहीं जा सकता। बीजेपी नेताओं ने भूपेश बघेल से कहा कि वे इतिहास को गंभीरता से पढ़ें और तथ्यों के आधार पर ही सार्वजनिक बयान दें। बीजेपी का कहना है कि इस तरह के बयान न सिर्फ इतिहास का अपमान हैं, बल्कि समाज में अनावश्यक विवाद भी पैदा करते हैं। (BJP on Bhupesh Baghel)

Back to top button
error: Content is protected !!