OPERATION NISCHAY : न्यू ईयर ईव से पहले रायपुर में MDMA माफिया पर बड़ा वार, इंटरस्टेट ड्रग्स सिंडिकेट ध्वस्त, 5 गिरफ्तार
OPERATION NISCHAY : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर पुलिस ने 23 दिसंबर को बड़ी सफलता हासिल की है। थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्रांतर्गत वरण अपार्टमेंट स्थित एक फ्लैट में रेड कार्रवाई कर एम.डी.एम.ए. (MDMA) ड्रग्स सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया गया है। इस कार्रवाई में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। (OPERATION NISCHAY)
यह भी पढ़े :- भूपेश बघेल के हिंदुओं पर बयान से सियासी घमासान, बीजेपी नेताओं ने बोला हमला
गिरफ्तार आरोपियों में रायपुर का मुख्य सप्लायर पराग बरछा उर्फ रघु (23), नागपुर से ड्रग्स लाने वाला शुभम राजू धावड़े (31), उसका साथी अमन शर्मा (26), फ्लैट में ड्रग्स स्टोर और सप्लाई कर रहा शुभम सिंघनापुरे उर्फ आर्यन (28) तथा विधि के साथ संघर्षरत एक बालिका शामिल हैं।
न्यू ईयर पार्टियों में सप्लाई की थी तैयारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पराग बरछा न्यू ईयर ईव के मद्देनजर रायपुर के बड़े होटलों और आयोजनों में MDMA सप्लाई करता था। नागपुर निवासी शुभम राजू धावड़े ड्रग्स नागपुर से लाकर रायपुर पहुंचाता था। आरोपी फ्लैट में ड्रग्स का भंडारण कर ईवेंट ऑर्गेनाइजर्स और पार्टी आयोजकों को सप्लाई करने की तैयारी में थे। (OPERATION NISCHAY)
3.5 लाख का माल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 ग्राम MDMA ड्रग्स, 4 मोबाइल फोन और 20,000 रुपये नगद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 3.50 लाख रुपये आंकी गई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
सभी आरोपियों के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में
अपराध क्रमांक 286/25, धारा 21(बी) और 29 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
- पराग बरछा उर्फ रघु (23) – कैलाशपुरी, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर (मुख्य सप्लायर)
- शुभम राजू धावड़े (31) – थाना नंदनवन, नागपुर, महाराष्ट्र (नागपुर तस्कर)
- अमन शर्मा (26) – वरण अपार्टमेंट, थाना न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर
- शुभम सिंघनापुरे उर्फ आर्यन (28) – वरण अपार्टमेंट, थाना न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर
- विधि के साथ संघर्षरत एक बालिका



