तमिलनाडु में भीषण सड़क हादसा, टायर फटने से बस ने डिवाइडर पार कर दो कारों को कुचला, 9 की मौत

Accident in Tamil Nadu: तमिलनाडु के कडलूर जिले में बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब तिरुचिरापल्ली से चेन्नई जा रही एक रोडवेज बस का स्टेट हाईवे पर अचानक टायर फट गया। टायर फटने के बाद बस अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पर चढ़ते हुए दूसरी लेन में चली गई। इसी दौरान सामने से आ रही दो कारों से बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारें बस के नीचे फंसकर पूरी तरह चकनाचूर हो गई।
यह भी पढ़ें:- फैमिली कोर्ट के आदेश के खिलाफ 9 साल बाद याचिका, हाईकोर्ट ने कहा- गरीबी या कानून की अज्ञानता माफी का आधार नहीं
हादसे की सूचना मिलते ही तित्ताकुडी और रामनाथम पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस और कारों में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इस हादसे में दोनों कारों में सवार 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 2 लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में 5 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं। घायलों को तित्ताकुडी और पेरंबलूर के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें 2 बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे के चलते चेन्नई-तिरुचि नेशनल हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। करीब दो घंटे बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिवारों को 3-3 लाख रुपए और घायलों को 1-1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। (Accident in Tamil Nadu)
कर्नाटक में भी बड़ा हादसा
वहीं कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में बुधवार देर रात एक और बड़ा सड़क हादसा हुआ। NH-48 पर हिरियूर तालुक में बेंगलुरु से गोकर्ण जा रही एक स्लीपर बस को तेज रफ्तार लॉरी ने टक्कर मार दी, जिसके बाद बस में आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब 2:30 बजे लॉरी डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी ओर से आ रही सीबर्ड ट्रांसपोर्ट की प्राइवेट बस से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग भड़क उठी। उस समय ज्यादातर यात्री सो रहे थे, जिससे उन्हें बचने का मौका नहीं मिल पाया। इस हादसे में 10 से ज्यादा यात्रियों के जिंदा जलने की आशंका है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या 12 से 17 बताई जा रही है।
बसों में आग लगने की घटनाएं बढ़ी
ईस्ट जोन के IG रविकांत गौड़ा ने बताया कि बस का ड्राइवर और क्लीनर सुरक्षित हैं। ट्रक के ड्राइवर और क्लीनर की भी मौत हुई है। कई यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। घायलों को तुमकुरु जिले के शिरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें 2 यात्रियों की हालत गंभीर है। बीते दो महीनों में बसों में आग लगने की घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिली है। इससे पहले राजस्थान में AC बस में आग लगने से 20 यात्री जिंदा जले थे। जबकि कई लोगों ने जान बचाने के लिए चलती बस से छलांग लगाई थी। वहीं आंध्र प्रदेश में भी बाइक से टकराने के बाद बस में आग लगने से 20 यात्रियों की मौत हुई थी। (Accident in Tamil Nadu)



