Google Analytics —— Meta Pixel

पंडित धीरेंद्र शास्त्री का बड़ा बयान, कहा- भारत में कैंसर से भी ज्यादा खतरनाक धर्मांतरण

Pandit Dhirendra Shastri: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इन दिनों छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं, जिन्होंने रायपुर पहुंचने पर धर्मांतरण को लेकर बड़ा बयान दिया है। पं. शास्त्री ने कहा कि भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा धर्मांतरण है, जो कैंसर से भी ज्यादा खतरनाक है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर हिंदू समाज संगठित नहीं हुआ तो आने वाले समय में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें:- CM साय ने 187 करोड़ के 23 कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, राजधानी के विकास को नई गति

पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खासकर सरगुजा और जशपुर अंचल में धर्मांतरण एक गंभीर सामाजिक समस्या बन चुका है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का हिंदू समाज अब जागने लगा है, इसी कारण वे लगातार प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने ऐलान किया कि आने वाले समय में सरगुजा-जशपुर में कथा का आयोजन किया जाएगा और यह कथा जशपुर में स्थित एशिया की सबसे बड़ी चर्च के सामने ही मंच लगाकर की जाएगी। (Pandit Dhirendra Shastri)

धर्मांतरण के गिनाए तीन मुख्य कारण

पं. धीरेंद्र शास्त्री ने धर्मांतरण के पीछे तीन प्रमुख कारण बताए।

  1. अशिक्षा- उन्होंने कहा कि अशिक्षा धर्मांतरण की सबसे बड़ी जड़ है। इसके लिए समाज को शिक्षा के प्रति जागरूक होना होगा।
  2. आर्थिक तंगी- पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि समृद्ध हिंदुओं को गरीब हिंदुओं और गांवों को गोद लेना चाहिए, ताकि आर्थिक मजबूरी में कोई अपना धर्म न छोड़े।
  3. अंधविश्वास- अंधविश्वास को खत्म करने के लिए उन्होंने कहा कि वे लगातार दिव्य दरबार लगाते रहेंगे, जब तक लोगों का भगवान हनुमान पर विश्वास मजबूत नहीं हो जाता।

कांकेर घटना पर जताई चिंता

कांकेर की घटना का जिक्र करते हुए पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज के लिए चेतावनी हैं। उन्होंने कहा कि अगर हिंदू समाज अब भी नहीं जागा तो भविष्य में हालात और बिगड़ सकते हैं। घर वापसी को लेकर पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि 27 दिसंबर को दिव्य दरबार लगाया जाएगा, जो लोग स्वेच्छा से सनातन धर्म में लौटना चाहते हैं, वे फॉर्म भरकर आयोजकों से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह स्वैच्छिक प्रक्रिया होगी। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में वे छत्तीसगढ़ में पदयात्रा भी करेंगे, जिसकी तैयारियां चल रही हैं। (Pandit Dhirendra Shastri)

मुस्लिम समाज के स्वागत पर क्या बोले ?

मुस्लिम समाज की ओर से मिले स्वागत पर पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि यह एक अच्छी पहल है। उन्होंने इसके लिए धन्यवाद दिया और कहा इस देश में जन्म लेने वाला हर व्यक्ति मूल रूप से सनातनी है, हम सब हिंदू हैं। संविधान पर उठ रहे सवालों को लेकर पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने संविधान को स्वीकार किया है। हमारे मन में संविधान के प्रति पूरी निष्ठा और श्रद्धा है। उन्होंने कहा कि एक हाथ में संविधान और दूसरे हाथ में गीता-रामायण लेकर वे जीवन जीते हैं। संविधान व्यवस्था देता है और राम दरबार आस्था देता है। हिंदू राष्ट्र संविधान के खिलाफ नहीं है, क्योंकि वे कागजों पर नहीं बल्कि लोगों के दिलों में हिंदू राष्ट्र चाहते हैं।

सनातन बोर्ड को लेकर बयान

पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि सनातन बोर्ड बनना चाहिए। अगर सनातन बोर्ड न भी बने तो संविधान बोर्ड का खत्म होना ज्यादा बेहतर होगा। छुआछूत और जातिवाद के सवाल पर उन्होंने कहा यह हिंदुओं का दुर्भाग्य है कि आज भी जातिवादी सोच मौजूद है। देश की उन्नति जातिवाद से नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद से होगी। कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान पं. धीरेंद्र शास्त्री के बयान ने धर्मांतरण, हिंदू एकता, संविधान, राष्ट्रवाद और सामाजिक सुधार जैसे मुद्दों पर नई बहस छेड़ दी है। आने वाले दिनों में उनकी कथाएं, पदयात्रा और घर वापसी कार्यक्रम प्रदेश की राजनीति और सामाजिक माहौल पर गहरा असर डाल सकते हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!