Google Analytics —— Meta Pixel

पूर्व CM भूपेश बघेल के बयान पर धीरेंद्र शास्त्री का पलटवार, बोले- भगवान की भक्ति अंधविश्वास लगे तो देश छोड़ दें

Dhirendra Shastri on Bhupesh: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार किया है। भिलाई के जयंती स्टेडियम में 25 दिसंबर से शुरू हो रही हनुमंत कथा से पहले मीडिया से बातचीत में धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि अगर हनुमान जी की भक्ति, हिंदुओं को जोड़ना और राष्ट्र को जगाने का काम किसी को अंधविश्वास लगता है तो ऐसे लोगों को आत्ममंथन करना चाहिए। साथ ही उन्हें देश छोड़ देना चाहिए। दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हाल ही में दुर्ग में एक कार्यक्रम के दौरान कथावाचक प्रदीप मिश्रा और पं. धीरेंद्र शास्त्री पर अंधविश्वास फैलाने का आरोप लगाया था। इसी बयान को लेकर अब धीरेंद्र शास्त्री ने पलटवार किया है।

यह भी पढ़ें:- पंडित धीरेंद्र शास्त्री का बड़ा बयान, कहा- भारत में कैंसर से भी ज्यादा खतरनाक धर्मांतरण

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब हिंदू समाज जागने लगा है और वे लगातार प्रदेश आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जशपुर में एशिया का सबसे बड़ा चर्च है, जिसके सामने ही कथा मंच लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण आज एक गंभीर मुद्दा है और गरीब हिंदुओं को बचाने व जोड़ने की जरूरत है। पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बताया कि भिलाई के जयंती स्टेडियम में 25 से 29 दिसंबर तक पांच दिवसीय श्री हनुमंत कथा का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन कथा होगी। 27 दिसंबर को एक दिवसीय दिव्य दरबार लगेगा। दिव्य दरबार में घर वापसी अभियान के तहत कुछ लोगों की घर वापसी भी कराई जाएगी। उन्होंने भविष्य में छत्तीसगढ़ में पदयात्रा निकालने की भी घोषणा की।

बांग्लादेश के हालात पर जताई चिंता

धीरेंद्र शास्त्री ने बांग्लादेश का जिक्र करते हुए कहा कि वहां सिर्फ हिंदू होने के कारण एक व्यक्ति को जिंदा जला दिया गया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू होना अपराध बन गया है और अगर अब भी हिंदू समाज नहीं जागा, तो आने वाले समय में भारत में भी ऐसे हालात बन सकते हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यही सही समय है हिंदू एकता और सनातन एकता की बात करने का। पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि देश के 9 राज्यों में हिंदू अल्पसंख्यक हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि एक वर्ग 6 प्रतिशत से बढ़कर 28 प्रतिशत हो गया है, जबकि हिंदू 90 प्रतिशत से घटकर 80 प्रतिशत रह गए हैं। उन्होंने लव जिहाद का भी जिक्र करते हुए कहा कि जब बहन-बेटियां इसका शिकार होंगी, तब लोगों को खतरा महसूस होगा।

भूपेश बघेल के बयान पर भाजपा नेताओं का भी हमला

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयानों को लेकर भाजपा नेताओं ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। दुर्ग सांसद विजय बघेल ने बेमेतरा के देवरबीजा में कार्यक्रम के दौरान कहा कि कांग्रेस की राजनीति में ईसाई मशीनरी और मुसलमानों को प्राथमिकता दी जाती है। इसी वजह से ऐसे बयान सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश को बांटने का काम कर रही है। वहीं खादी ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री राकेश पांडे ने कहा कि भूपेश बघेल की यह राजनीतिक मजबूरी है कि वे हिंदू धर्म के खिलाफ टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल खुद हिंदू हैं, लेकिन अपने आकाओं को खुश करने के लिए हिंदू धर्म पर चोट कर रहे हैं। राकेश पांडे ने भूपेश बघेल को भिलाई में आयोजित हनुमंत कथा में आने का सार्वजनिक निमंत्रण भी दिया।

जानिए पूर्व CM भूपेश बघेल ने क्या कहा था ?

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्ग में कहा था कि प्रदेश में दो महाराज आ रहे हैं प्रदीप मिश्रा और धीरेंद्र शास्त्री। उन्होंने आरोप लगाया था कि ये कथावाचक भगवान शिव या हनुमान की बजाय टोटका और अंधविश्वास की बातें करते हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि मुगल और सुल्तान काल में भी हिंदू खतरे में नहीं था, लेकिन आज आरएसएस और भाजपा डर का माहौल बनाकर राजनीति कर रही है। बघेल ने कहा था कि अब ये खुद को हिंदू नहीं, बल्कि सनातनी कहने लगे हैं। (Dhirendra Shastri on Bhupesh)

Back to top button
error: Content is protected !!