छत्तीसगढ़ में बढ़ा एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों का किराया, 5 से 25 रुपए तक बढ़ी टिकट दरें

Train Fares increased 2025: भारतीय रेलवे ने 26 दिसंबर से लंबी दूरी की एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों के किराए में बढ़ोतरी कर दी है। नया किराया बिलासपुर जोन समेत देशभर में लागू हो गया है। यह बढ़ी हुई दरें रेलवे के रिजर्वेशन काउंटर और ऑनलाइन टिकट बुकिंग यानी दोनों माध्यमों पर प्रभावी होंगी। रेलवे के मुताबिक किराया बढ़ोतरी सिर्फ 215 किलोमीटर से ज्यादा दूरी की यात्रा पर लागू की गई है। कम दूरी के यात्रियों, उपनगरीय सेवाओं और मासिक सीजन टिकट (MST) धारकों को इस फैसले से राहत दी गई है।
यह भी पढ़ें:- गर्लफ्रेंड के दबाव में पति ने रची दोहरे हत्याकांड की साजिश, पत्नी और 3 साल के बेटे की गला घोंटकर की हत्या
मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में नॉन-एसी और एसी श्रेणियों में प्रति किलोमीटर 2 पैसे अतिरिक्त वसूले जाएंगे। पैसेंजर ट्रेनों में प्रति किलोमीटर 1 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। कुल मिलाकर यात्रियों को 5 से 25 रुपए तक अतिरिक्त भुगतान करना होगा। रेलवे ने साफ किया है कि आरक्षण शुल्क, सुपरफास्ट चार्ज, जीएसटी और किराया राउंडिंग नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। (Train Fares increased 2025)
दूरी के हिसाब से बढ़ोतरी
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक 215 किमी तक की दूरी में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। जबकि 216 से 750 किमी की दूरी में 5 रुपए, 751 से 1250 किमी की दूरी में 10 रुपए, 1251 से 1750 किमी की दूरी में 15 रुपए और 1751 से 2250 किमी की दूरी में 20 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है। बिलासपुर से दिल्ली, मुंबई, हावड़ा और निजामुद्दीन जाने वाली ट्रेनों में स्लीपर से लेकर एसी कोच तक किराए में 9 से 30 रुपए तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। स्लीपर कोच में बिलासपुर-दिल्ली जैसी लंबी यात्रा पर करीब 25-26 रुपए और जनरल कोच में करीब 12-13 रुपए अतिरिक्त देने होंगे।
पहले से बुक टिकट पर राहत
रेलवे ने कहा कि यह नया किराया सिर्फ 26 दिसंबर 2025 या उसके बाद बुक किए गए टिकटों पर ही लागू होगा। पहले से बुक टिकटों पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। स्टेशनों पर नई किराया सूची भी चस्पा की जा रही है। बिलासपुर से दिल्ली के बीच करीब 9 से 10 सीधी ट्रेनें चलती हैं, जिनमें राजधानी, संपर्क क्रांति, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, उत्कल एक्सप्रेस, हीराकुंड एक्सप्रेस और हमसफर एक्सप्रेस प्रमुख हैं। इन ट्रेनों से रोजाना 5 से 7 हजार यात्री सफर करते हैं। ऐसे में किराया बढ़ोतरी का सीधा असर यात्रियों की जेब पर पड़ेगा।
रेलवे को मिलेगा 600 करोड़ का फायदा
रेलवे का कहना है कि इस किराया संशोधन से उसे करीब 600 करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व मिलेगा, जिसका उपयोग यात्री सुविधाओं और सेवा सुधार में किया जाएगा। कुल मिलाकर किराया बढ़ोतरी सीमित और चरणबद्ध रखी गई है, ताकि आम यात्रियों पर ज्यादा बोझ न पड़े। हालांकि लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों को अब सफर के लिए थोड़ी ज्यादा रकम चुकानी होगी। (Train Fares increased 2025)



