नशे के कारोबार पर पुलिस का प्रहार, जांजगीर-चांपा में 61 लाख से ज्यादा के नशीले पदार्थों का नष्टीकरण

Narcotics Destroyed in Janjgir: छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में जांजगीर-चांपा पुलिस ने जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति के साथ मिलकर जिले में जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया है। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने नशे के कारोबार में लिप्त तस्करों को कड़ा संदेश दिया है। यह नष्टीकरण चांपा के कोटाडबरी स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट में मौजूद भट्ठी में किया गया। इस दौरान 115 किलो 452 ग्राम गांजा, 35,833 नग नशीली टेबलेट और 616 नग नशीली कफ सिरप को नष्ट किया गया।
यह भी पढ़ें:- देवरी गांव हत्या मामला 24 घंटे में सुलझा, 11 आरोपियों को गिरफ्तार
जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 57 लाख 50 हजार रुपए, नशीली टेबलेट की कीमत करीब 3 लाख 40 हजार रुपए और नशीली सिरप की कीमत 47 हजार 608 रुपए बताई गई है। इस तरह कुल 61 लाख रुपए से ज्यादा के अवैध मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में संपन्न हुई। (Narcotics Destroyed in Janjgir)
ओडिशा से गांजे की तस्करी का खुलासा
इधर, दुर्ग पुलिस ने भी नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से गांजा तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। 28 दिसंबर को दुर्ग पुलिस ने ओडिशा के बलांगीर जिले से गांजा सप्लाई करने वाले आरोपी शकील बाग को गिरफ्तार किया। पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि बलांगीर से गांजा लाकर दुर्ग में बेचा जा रहा है। दरअसल, पुलगांव पुलिस ने कुछ दिन पहले अभिनंदन पैलेस के पास से चार लोगों को गांजे के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के बलांगीर के रहने वाले शकील बाग से गांजा खरीदकर लाए थे। इसके बाद दुर्ग पुलिस ने विशेष टास्क टीम बनाकर शकील बाग को बलांगीर से गिरफ्तार किया।
सारंगढ़ में 757 किलो गांजे का नष्टीकरण
इससे पहले 27 दिसंबर को सारंगढ़ जिले में भी जब्त मादक पदार्थों का बड़े स्तर पर नष्टीकरण किया गया था। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति ने एनडीपीएस एक्ट के तहत जिले के विभिन्न थानों में जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया। कुल 35 प्रकरणों में जब्त 757.353 किलोग्राम गांजा और 03 नग गांजा पौधे नष्ट किए गए। यह कार्रवाई रायगढ़ के जामगांव स्थित एमएसपी स्टील एंड पावर प्लांट की भट्ठी में की गई। नष्टीकरण की प्रक्रिया समिति के अध्यक्ष और पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय, सदस्य आनंद मसी (प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी), सदस्य निमिषा पांडेय (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक) समेत अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई।
सारंगढ़ में सबसे बड़ी गांजा तस्करी का खुलासा
वहीं 26 दिसंबर को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में इस साल की सबसे बड़ी गांजा तस्करी का खुलासा हुआ। सरिया पुलिस ने 300 किलो 200 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। तस्कर सब्जी की आड़ में पिकअप वाहन से गांजा तस्करी कर रहे थे, जबकि आगे-आगे एक कार से पायलेटिंग की जा रही थी। पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिलने पर खजूरिया तालाब, सरिया के पास पिकअप वाहन UP 64 CT 6904 को घेराबंदी कर पकड़ा गया। वाहन से सब्जी की कैरेट हटाने पर अंदर दस बोरियों में भरा भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। 150 पैकेट में भरे गांजे की कीमत करीब 30 लाख रुपए बताई जा रही है।
48 लाख रुपए के सामान जब्त
वहीं पिकअप वाहन की कीमत 1 लाख रुपए और रेनॉल्ट काईगर कार की कीमत 8 लाख रुपए हैं। इस तरह कुल 48 लाख रुपए के सामान जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी राहुल कुमार राजपूत उर्फ गुड्डू उत्तरप्रदेश के फतेहपुर का रहने वाला है। आरोपी ने पूछताछ में अपने चार अन्य साथियों के साथ ओडिशा के बलांगीर से गांजा लाकर उत्तरप्रदेश ले जाने की बात स्वीकार की है। छत्तीसगढ़ पुलिस की ओर से अलग-अलग जिलों में की गई इन कार्रवाइयों से साफ है कि नशे के खिलाफ प्रशासन पूरी तरह सख्त है और मादक पदार्थ तस्करों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। (Narcotics Destroyed in Janjgir)



