2025 बना नक्सलियों के लिए काल, 256 नक्सली ढेर, 1560 ने छोड़ी हिंसा

Attack on Naxalism 2025: कुछ ही घंटों में नए साल का आगाज होने वाला है। इस बीच बस्तर से नक्सलवाद के खिलाफ सबसे बड़ी और निर्णायक तस्वीर सामने आई है। देश में कभी नक्सलियों के रेड कॉरिडोर के रूप में पहचाने जाने वाले बस्तर में अब नक्सल संगठन का संगठनात्मक ढांचा पूरी तरह से बिखर चुका है। साल 2025 नक्सलवाद के लिए सबसे भारी साबित हुआ है, जहां एक तरफ शीर्ष नक्सली नेतृत्व खत्म हुआ तो दूसरी ओर बड़ी संख्या में नक्सली हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौट आए।
यह भी पढ़ें:- नए साल से पहले साजा में खूनी वारदात, तलवार से दो बच्चों के पिता की हत्या
साल 2025 में बस्तर संभाग के अलग-अलग इलाकों में कुल 99 मुठभेड़ हुई, जिनमें सुरक्षाबलों ने 256 नक्सलियों को मार गिराया। वहीं सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर 1560 नक्सलियों ने हथियार छोड़कर समाज की मुख्यधारा में वापसी की। हालांकि छत्तीसगढ़ के अलावा तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में भी आत्मसमर्पण का सिलसिला चला, लेकिन नक्सल संगठन को सबसे बड़ा नुकसान बस्तर में ही झेलना पड़ा। (Attack on Naxalism 2025)
शीर्ष नक्सली नेतृत्व का अंत, संगठन को बड़ा झटका
2025 में नक्सल संगठन के शीर्ष ढांचे पर करारा प्रहार हुआ। मई महीने में नक्सल संगठन के पोलित ब्यूरो महासचिव बसवराजू को सुरक्षाबलों ने ढेर किया। माड़ क्षेत्र में केंद्रीय समिति सदस्य कोसा दादा और राजू दादा मारे गए। बीजापुर में केंद्रीय समिति सदस्य सुधाकर को ढेर किया गया। इसके अलावा दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी के 6 सदस्य भी मारे गए, जिनमें रेणुका, सुधीर और नवीन शामिल हैं। वहीं पुना मारगेम योजना के तहत केंद्रीय समिति सदस्य रूपेश, दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी सदस्य रणिता, वेंकटेश, राजमन मंडावी और राजू सलाम ने हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में वापसी की। (Attack on Naxalism 2025)
2025 बना अबूझमाड़ के लिए ऐतिहासिक साल
इन घटनाओं के बाद नक्सल संगठन के कई डिवीजन पूरी तरह समाप्त हो गए हैं। बड़े कैडर के नक्सलियों के खत्म होने और आत्मसमर्पण से संगठन अब न तो नए पद भर पा रहा है और न ही दोबारा खड़ा हो पा रहा है। बस्तर IG सुंदरराज पी ने कहा कि नक्सल संगठन का ढांचा टूट चुका है। सुरक्षाबलों की निरंतर कार्रवाई, बेहतर रणनीति और विकास कार्यों ने नक्सलवाद की जड़ें कमजोर कर दी हैं। नारायणपुर जिले का अबूझमाड़ क्षेत्र, जिसे कभी नक्सलियों का सबसे सुरक्षित ठिकाना और लाल गलियारे का केंद्र माना जाता था, साल 2025 में ऐतिहासिक बदलाव का साक्षी बना। दशकों तक भय और हिंसा में जीने वाला यह इलाका अब शांति, सुरक्षा और विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
43 हार्डकोर नक्सली ढेर, 298 ने किया आत्मसमर्पण
साल 2025 में अबूझमाड़ में पुलिस और सुरक्षा बलों की कड़ी मेहनत और सटीक रणनीति का असर साफ दिखाई दिया। महासचिव बसवराजू, राजू दादा, कोसा दादा समेत कुल 43 हार्डकोर नक्सलियों को मार गिराया गया। वहीं 298 नक्सलियों ने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का फैसला लिया। इसके अलावा 78 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया, जिससे नक्सल नेटवर्क को और कमजोर किया गया। अबूझमाड़ के जिन इलाकों को कभी नक्सलियों का सेफ जोन माना जाता था, वहां 27 नए पुलिस बेस कैंप स्थापित किए गए। इससे न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई, बल्कि इन दुर्गम इलाकों में प्रशासन की स्थायी मौजूदगी भी सुनिश्चित हुई।
सड़कों और विकास से जुड़ रहा अबूझमाड़
सुरक्षा के साथ-साथ विकास को भी प्राथमिकता दी गई। नक्सल प्रभावित इलाकों को सड़क मार्ग से जोड़ा गया, ताकि शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार जैसी सुविधाएं गांवों तक पहुंच सकें। नियद नेल्लानार योजना के तहत विकास कार्य तेज किए गए, जिससे ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। ग्रामीणों में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है और नक्सलियों का डर टूट रहा है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों की बढ़ती संख्या इस बात का प्रमाण है कि अबूझमाड़ हिंसा नहीं, विकास चाहता है। कुल मिलाकर साल 2025 नक्सलवाद की कमर तोड़ने वाला और बस्तर-अबूझमाड़ के लिए नई सुबह लेकर आने वाला साल साबित हुआ। अब जब 2026 की शुरुआत हो रही है तो बस्तर से देश को संदेश साफ है, जहां कभी गोलियों की गूंज थी, वहां अब विकास और शांति की आवाज सुनाई दे रही है।



