Google Analytics —— Meta Pixel

फरीदाबाद में चलती वैन में महिला से गैंगरेप, आरोपियों ने 3 घंटे तक घुमाया, सड़क पर फेंककर हुए फरार

Gang Rape in Faridabad: हरियाणा के फरीदाबाद से दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है, जहां 28 साल की शादीशुदा महिला के साथ चलती वैन में गैंगरेप हुआ है। आरोप है कि दो युवक महिला को करीब तीन घंटे तक शहर और हाइवे की सड़कों पर घुमाते रहे और उसके बाद उसे चलती गाड़ी से सड़क पर फेंककर फरार हो गए। महिला के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। इलाज के दौरान उसके चेहरे पर 10 से 12 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल महिला एक निजी अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें:- 2025 बना नक्सलियों के लिए काल, 256 नक्सली ढेर, 1560 ने छोड़ी हिंसा

यह मामला फरीदाबाद के कल्याणपुरी इलाके का है। पीड़िता की बहन ने बताया कि सोमवार रात करीब 8:30 बजे उसकी छोटी बहन का फोन आया था। उसने बताया कि घर में मां से कहासुनी हो गई है और वह दोस्त के घर जा रही है। दो-तीन घंटे में लौट आएगी। बहन के मुताबिक दोस्त के घर से निकलने में पीड़िता को देर हो गई। रात करीब 12 बजे वह दो नंबर चौक से कल्याणपुरी 3 नंबर चौक जाने के लिए वाहन तलाश रही थी। इसी दौरान एक वैन में सवार दो युवकों ने उसे लिफ्ट दी। पीड़िता ने भरोसा कर वैन में बैठना स्वीकार कर लिया। (Gang Rape in Faridabad)

गलत रास्ते पर ले जाकर किया रेप

पीड़िता की बहन का आरोप है कि दोनों युवक कल्याणपुरी चौक के बजाय उसे गुरुग्राम रोड की ओर ले गए। वे गुरुग्राम के हनुमान मंदिर से भी आगे निकल गए और करीब तीन घंटे तक महिला को वैन में बंधक बनाकर घुमाते रहे। इस दौरान आरोपियों ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। महिला ने विरोध किया, लेकिन सुनसान इलाका होने और चलती गाड़ी के कारण उसकी आवाज बाहर नहीं जा सकी। मंगलवार सुबह करीब 3 बजे आरोपियों ने SGM नगर के राजा चौक स्थित मुल्ला होटल के पास महिला को चलती वैन से सड़क पर फेंक दिया और फरार हो गए। सड़क पर गिरने से महिला के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गई।

खून से लथपथ हालत में मिली पीड़िता

पीड़िता की बहन ने बताया कि सुबह करीब 3:30 बजे उसकी छोटी बहन ने उसे 10-12 बार फोन किया। फोन देखने के बाद जब उसने कॉल किया तो पीड़िता ने रोते हुए पूरी घटना बताई। बहन मौके पर पहुंची तो देखा कि पीड़िता खून से लथपथ थी, कपड़े फटे हुए थे और वह बुरी तरह सदमे में थी। पीड़िता को पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज किया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने दिल्ली रेफर किया, लेकिन परिजनों ने उसे फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। (Gang Rape in Faridabad)

तीन बच्चों की मां, निजी कंपनी में करती है नौकरी

पीड़िता शादीशुदा है और तीन बच्चों की मां है। पारिवारिक विवाद के चलते वह अपने पति से अलग रहकर मां के साथ रहती है। वह एक निजी कंपनी में नौकरी करती है। घटना के बाद से वह मानसिक रूप से गहरे सदमे में है। कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की बहन की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी भगवान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वारदात में इस्तेमाल वैन को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। महिला की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। बता दें कि भारत में महिलाओं के खिलाफ अपराध में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। रेप और गैंपरेप की घटनाएं रोजाना सामने आ रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!