अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के बाद चीन ने भी किया दावा, बोला- हमने भारत-पाक टकराव कम किया, भारत ने दिया कड़ा जवाब

China on India Pakistan Conflict: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बाद अब चीन ने भी दावा किया है कि उसने इस साल भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव कम करने में भूमिका निभाई। चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने बीजिंग में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि चीन दुनिया के कई संघर्षों को सुलझाने में मदद करता रहा है। उन्होंने भारत-पाकिस्तान के हालात का जिक्र करते हुए बताया कि इस दौरान चीन ने भी मध्यस्थता करने की कोशिश की। हालांकि चीन के इस दावे को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। भारत का कहना है कि तनाव को रोकने में किसी तीसरे पक्ष की कोई भूमिका नहीं थी। यह तनाव सीधे भारत और पाकिस्तान की सेनाओं के बीच बातचीत से ही समाप्त हुआ।
यह भी पढ़ें:- सबसे स्वच्छ शहर में दूषित पानी पीने से 9 लोगों की मौत, लीकेज से घरों तक पहुंचा शौचालय का पानी
बता दें कि इस साल 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हुई थी। इसके जवाब में भारत ने मई में पाकिस्तान में आतंकियों और सैन्य ठिकानों पर हमला किया, जिससे दोनों देशों के बीच टकराव हुआ। भारत का कहना है कि भारी नुकसान के बाद पाकिस्तान के सैन्य अधिकारी ने भारतीय DGMO से संपर्क किया और 10 मई से दोनों देशों ने सभी तरह की सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनाई। चीन का दावा उसके पाकिस्तान के करीबी रिश्तों के कारण विवादास्पद माना जा रहा है। (China on India Pakistan Conflict)
चीन की भूमिका पर उठ रहे सवाल
विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान को सबसे ज्यादा हथियार देने वाला देश होने के कारण चीन इस मामले में पूरी तरह निष्पक्ष नहीं रह सकता। इसके अलावा नवंबर 2025 में अमेरिकी रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन ने सोशल मीडिया पर फर्जी जानकारी और AI से बनाई गई तस्वीरें फैलाने की कोशिश की। इसका मकसद भारत के राफेल विमानों को बदनाम करना और चीन के J-35 विमान को बढ़ावा देना था। दरअसल, 6 और 7 मई 2025 की रात भारत ने पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकानों पर हमला शुरू किया। इसके बाद 8 मई की शाम पाकिस्तान ने भारत के एयर डिफेंस सिस्टम पर हमला करने की कोशिश की। पाकिस्तान ने तुर्की और चीन के ड्रोन इस्तेमाल किए, लेकिन सफलता नहीं मिली।
50 से ज्यादा बार दावा कर चुके हैं ट्रंप
भारत की वायु रक्षा पूरी तरह सक्रिय रही और पाकिस्तान के ड्रोन को भारी नुकसान हुआ। भारतीय सेना ने सीमा पर तोपों और रॉकेट लॉन्चरों का इस्तेमाल कर पाकिस्तान की सेना को भी बड़े नुकसान में डाल दिया। इसके बाद सीजफायर हुआ। इसे लेकर भारत का कहना है कि किसी तीसरे देश की भूमिका की आवश्यकता नहीं थी। तनाव सीधे भारत और पाकिस्तान की सेनाओं के बीच वार्ता से ही समाप्त हुआ। बता दें कि ट्रंप ने 10 मई के बाद से दावा करते हुए 60-70 से ज्यादा बार दोहराया है कि उन्होंने भारत-पाक तनाव को रुकवाने में मदद की थी। हालांकि भारत सरकार ने इन दावों को बार-बार खारिज किया है। (China on India Pakistan Conflict)



