Google Analytics —— Meta Pixel

संगठन सृजन कार्यक्रम से सांसद ज्योत्सना महंत का नाम गायब, कांग्रेस की गुटबाजी खुलकर आई सामने

Factionalism in Congress Party: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में कांग्रेस संगठन के भीतर लंबे समय से चल रही गुटबाजी अब सार्वजनिक रूप से सामने आ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में आयोजित कांग्रेस संगठन सृजन कार्यक्रम से कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत का नाम आमंत्रण पत्र में न होने का मामला अब गंभीर राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है। इससे नाराज महंत समर्थकों ने समांतर कार्यकर्ता सम्मेलन कर अपनी ताकत का खुला प्रदर्शन किया और संगठन नेतृत्व के खिलाफ सीधा विरोध दर्ज कराया।

यह भी पढ़ें:- दंतेवाड़ा में 20 करोड़ रुपए के PDS चावल सड़कर बर्बाद, आदिवासी बच्चों की थाली पर मंडराया खतरा…!

दरअसल, 30 दिसंबर को पेंड्रा में कांग्रेस संगठन सृजन कार्यक्रम और नवनियुक्त जिला अध्यक्ष गजमती भानु के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के बाद जिले की कांग्रेस राजनीति में उबाल आ गया। महंत समर्थकों का आरोप है कि इस आयोजन में न केवल कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत बल्कि नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत का नाम भी आमंत्रण पत्र में शामिल नहीं किया गया। इसके अलावा मरवाही विधानसभा क्षेत्र के कई वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी कार्यक्रम से दूर रखा गया। (Factionalism in Congress Party)

1 जनवरी को सम्मेलन से दिखी ताकत

इससे नाराज महंत समर्थकों ने 1 जनवरी को पेंड्रा के इंदिरा उद्यान में नववर्ष मिलन समारोह के बहाने एक बड़ा समांतर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम वासुदेव और छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश महामंत्री मनोज गुप्ता ने मंच से संगठनात्मक उपेक्षा का मुद्दा उठाया और इसे कांग्रेस की परंपरा के खिलाफ बताया। कार्यकर्ता सम्मेलन में जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष अमन शर्मा ने मंच से स्वीकार किया कि आमंत्रण पत्र में महंत परिवार के किसी भी सदस्य का नाम नहीं होने के कारण उन्होंने भी संगठन सृजन कार्यक्रम से दूरी बनाई थी।

सांसद ज्योत्सना महंत का बयान

इस पूरे मामले पर मीडिया से फोन पर बातचीत में सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि मुझे कांग्रेस संगठन सृजन कार्यक्रम और शपथ ग्रहण समारोह की कोई जानकारी नहीं थी। जानकारी मिलती तो जरूर आती। कांग्रेस में गुटबाजी का कोई सवाल नहीं है। राजनीतिक गलियारों में उनके इस बयान को समर्थकों के विरोध को नैतिक समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है। 30 दिसंबर का संगठन सृजन कार्यक्रम और 1 जनवरी का समांतर कार्यकर्ता सम्मेलन यानी इन दोनों आयोजनों ने यह साफ कर दिया है कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी अब बंद कमरों से निकलकर सड़कों पर आ चुकी है।

भूपेश बघेल के दौरे में भी दिखी खींचतान

इससे पहले 30 दिसंबर को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरगुजा दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया, लेकिन जिला अध्यक्ष और उनके पदाधिकारी स्वागत के लिए नहीं पहुंचे। इस पर कटाक्ष करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि वे किसी संगठनात्मक कार्यक्रम में नहीं, बल्कि पारिवारिक कार्यक्रम में आए थे। इसी दिन सूरजपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि कांग्रेस में गुटबाजी कमजोरी नहीं बल्कि ताकत है। कार्यकर्ता अलग-अलग नेताओं के साथ रहते हैं, लेकिन अंत में इसका फायदा पार्टी को ही मिलता है। (Factionalism in Congress Party)

Back to top button
error: Content is protected !!