सांस लेना हुआ दूभर, बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर असर, कोंडागांव में डामर प्लांट से फैल रहा जहर…!

Daamar Plant in Kondagaon: कोंडागांव शहर के बीचोंबीच संचालित डामर प्लांट इन दिनों आम नागरिकों के लिए गंभीर खतरे का कारण बनता जा रहा है। दिन-रात चल रहे इस प्लांट से निकलने वाला काला और जहरीला धुआं पूरे शहर के वातावरण में फैल चुका है, जिससे हवा प्रदूषित हो गई है और लोगों का सांस लेना तक मुश्किल हो गया है। स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि नागरिकों को अपने ही घरों में रहना कठिन लग रहा है। हर समय धुएं की चादर शहर पर छाई रहती है, जिससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
यह भी पढ़ें:- संगठन सृजन कार्यक्रम से सांसद ज्योत्सना महंत का नाम गायब, कांग्रेस की गुटबाजी खुलकर आई सामने
स्थानीय लोगों का कहना है कि डामर प्लांट से निकलने वाला धुआं बच्चों, बुजुर्गों समेत सभी की सेहत पर गंभीर प्रभाव डाल रहा है। आंखों में जलन, लगातार खांसी, सांस फूलना, सिरदर्द और बेचैनी जैसी शिकायतें आम हो चुकी हैं। कई लोगों ने बताया कि रात के समय धुएं की मात्रा और ज्यादा बढ़ जाती है, जिससे दम घुटने जैसी स्थिति बन जाती है। इस पूरे मामले में वन विभाग ने भी पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी को स्वीकार किया है। विभागीय स्तर पर यह माना गया है कि डामर प्लांट से निकलने वाला धुआं पर्यावरण और जनस्वास्थ्य दोनों के लिए अत्यंत हानिकारक है। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

कार्रवाई के अभाव में ठेकेदार के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं और सरकारी आदेशों की आड़ में प्लांट लगातार दिन-रात संचालित किया जा रहा है। शहरवासियों का आरोप है कि नियमानुसार ऐसे डामर प्लांट आबादी से दूर संचालित किए जाने चाहिए, लेकिन यहां नियमों को ताक पर रखकर इसे ठीक शहर के भीतर चलाया जा रहा है। इससे स्पष्ट है कि पर्यावरणीय नियमों और जनस्वास्थ्य की पूरी तरह अनदेखी की जा रही है। (Daamar Plant in Kondagaon)

पीड़ित लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि डामर प्लांट को तत्काल बंद कर इसे शहर से बाहर किसी उचित स्थान पर शिफ्ट किया जाए, ताकि लोगों को जहरीले धुएं से राहत मिल सके और भविष्य में किसी बड़े स्वास्थ्य संकट से बचा जा सके। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब जिम्मेदार विभाग खुद पर्यावरणीय नुकसान को स्वीकार कर रहे हैं तो फिर कार्रवाई में देरी क्यों हो रही है? क्या प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है या फिर शहरवासी यूं ही जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर रहेंगे ? (Daamar Plant in Kondagaon)



