Chhattisgarh Liquor Scam Case : सौम्या चौरसिया आज ईडी कोर्ट में पेश, ट्रायल की तैयारी तेज

Chhattisgarh Liquor Scam Case : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले से जुड़े मामले में पूर्व मुख्यमंत्री की उपसचिव रह चुकी सौम्या चौरसिया की 14 दिन की न्यायिक रिमांड आज समाप्त हो रही है। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उन्हें आज ईडी कोर्ट में पेश किया जाएगा। यह पेशी इसलिए अहम मानी जा रही है क्योंकि मामले में जांच अब ट्रायल की दिशा में बढ़ चुकी है।
यह भी पढ़े :- उपमुख्यमंत्री अरुण साव के स्टाफ में बड़ा फेरबदल, OSD विपुल गुप्ता हटाए गए
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सौम्या चौरसिया को 16 दिसंबर को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें तीन दिन की कस्टोडियल रिमांड पर लिया गया और इसके बाद कोर्ट के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।
सौम्या के बयान के बाद ईडी की अगली कार्रवाई
ईडी की पूछताछ के दौरान सौम्या चौरसिया के बयानों के आधार पर आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) के एक अन्य मामले में पहले से जेल में बंद निलंबित आईएएस अधिकारी एवं पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास को भी ईडी ने गिरफ्तार किया है। निरंजन दास को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा।
2880 करोड़ की अवैध कमाई का दावा, चार्जशीट दाखिल
ईडी ने इस मामले में हाल ही में फाइनल चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें लगभग 2880 करोड़ रुपये की अवैध कमाई का उल्लेख किया गया है। चार्जशीट दाखिल होने के साथ ही अब मामले के ट्रायल की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है, हालांकि अभी ट्रायल की तारीख तय नहीं हुई है।
3200 करोड़ से अधिक के घोटाले का आरोप
ईडी की जांच के आधार पर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) में दर्ज एफआईआर में 3200 करोड़ रुपये से अधिक के शराब घोटाले का आरोप लगाया गया है। जांच में आरोप है कि तत्कालीन सरकार के कार्यकाल में कुछ अधिकारियों और कारोबारियों के कथित सिंडिकेट के माध्यम से यह घोटाला अंजाम दिया गया। (Chhattisgarh Liquor Scam Case)
जांच के घेरे में राजनीति, अफसरशाही और कारोबारी
ईडी के अनुसार इस मामले में राजनेताओं, आबकारी विभाग के अधिकारियों और कारोबारियों की कथित मिलीभगत की जांच की जा रही है। कई आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज है और मनी ट्रेल व निर्णय प्रक्रिया की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। (Chhattisgarh Liquor Scam Case)



