Google Analytics —— Meta Pixel

राजधानी रायपुर में बच्चा चोरी के शक पर बवाल, महिला की जमकर पिटाई

Child Theft in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत पार्वती नगर में बच्चा चोरी के शक को लेकर हड़कंप मच गया। सोमवार तड़के सुबह स्थानीय लोगों ने बच्चा चोरी के शक में एक महिला को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पार्वती नगर में एक महिला संदिग्ध हालत में बच्चों के आसपास घूमती नजर आई। आरोप है कि महिला एक बच्चे को उठाकर ले जाने की कोशिश कर रही थी। महिला की हरकतों पर बच्चों के परिजनों को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने पीछा कर महिला को पकड़ लिया। लोगों का दावा है कि महिला को बच्चा चुराते हुए रंगे हाथों दबोचा गया है।

यह भी पढ़ें:- झीरम घाटी पर कांग्रेस में महाभारत: विकास तिवारी ने सबूतों के साथ सौंपा नोटिस का जवाब

महिला के पकड़े जाते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए। इलाके में पहले से बच्चा चोरी की अफवाहों के चलते लोगों में भारी आक्रोश था। गुस्साई भीड़ ने बिना सच्चाई जाने महिला की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद महिला को भीड़ से छुड़ाया और इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, हालांकि उसे गंभीर चोटें आई हैं।

थाने का घेराव, बढ़ाया गया पुलिस बल

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने खम्हारडीह थाने का घेराव कर बच्चा चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग की। हालात को देखते हुए पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। स्थानीय लोगों का दावा है कि महिला अकेली नहीं थी और उसके साथ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, जो मौके से फरार हो गए। इस आधार पर पुलिस बच्चा चोरी के संगठित गिरोह की आशंका को भी ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। (Child Theft in Raipur)

अफवाह भी हो सकती है वजह

पुलिस का कहना है कि फिलहाल बच्चा चोरी की पुष्टि नहीं हुई है। पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि महिला वास्तव में किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल थी या फिर यह सिर्फ शक और अफवाह का मामला था। साथ ही कानून हाथ में लेने वालों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। विधानसभा सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कानून अपने हाथ में लेना अपराध है। (Child Theft in Raipur)

Back to top button
error: Content is protected !!