बस्तर में नक्सलवाद पर अंतिम प्रहार की तैयारी, फोर्स के निशाने पर पापाराव समेत 150 नक्सली

Final Aattack to Naxalism: बस्तर संभाग में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई अपने अंतिम चरण में पहुंचती नजर आ रही है। सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ अंतिम प्रहार की रणनीति पर काम तेज कर दिया है। एक समय बस्तर के सातों जिलों में प्रभाव रखने वाला नक्सली संगठन अब बेहद सीमित इलाकों तक सिमट कर रह गया है। वर्तमान में नक्सलियों की मौजूदगी मुख्य रूप से दक्षिण बस्तर के बीजापुर और सुकमा जिले के कुछ दुर्गम क्षेत्रों तक ही सीमित रह गई है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक सुकमा जिले के आंध्र प्रदेश सीमा से लगे इलाके, बीजापुर के इंद्रावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र के तेलंगाना बॉर्डर से सटे हिस्से और दंतेवाड़ा के सीमावर्ती क्षेत्रों में नक्सलियों की कुल 6 एरिया कमेटी ही बची हैं। इन इलाकों में भी नक्सलियों की गतिविधियां काफी सीमित हो चुकी हैं।
यह भी पढ़ें:- राजधानी रायपुर में बच्चा चोरी के शक पर बवाल, महिला की जमकर पिटाई
बस्तर में नक्सली संगठन के शीर्ष कैडर की बात करें तो अब सिर्फ दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी का सदस्य पापाराव ही सक्रिय बताया जा रहा है। सुरक्षाबलों ने उसकी तलाश तेज कर दी है। इसके अलावा DVCM और ACM रैंक के कुछ नक्सली अपनी जान बचाने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे हैं। साल 2026 की शुरुआत में ही सुरक्षाबलों ने सुकमा जिले की कोंटा एरिया कमेटी को पूरी तरह खत्म कर दिया। इसे नक्सली संगठन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इसके साथ ही फोर्स ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि अब बस्तर में नक्सलियों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचने वाला। सूत्रों के मुताबिक अब सुरक्षाबल सिर्फ छोटे कैडर ही नहीं, बल्कि नक्सली संगठन के पोलित ब्यूरो मेंबर और केंद्रीय समिति स्तर के नेताओं को भी सीधे निशाने पर ले रहे हैं। हालांकि वर्तमान में बस्तर में नक्सलियों का कोई बड़ा शीर्ष नेता सक्रिय नहीं है। शीर्ष नेतृत्व के अभाव में संगठन निर्णय लेने की स्थिति में भी नहीं रह गया है।
आत्मसमर्पण के लिए सीमित समय
बस्तर रेंज के IG सुंदरराज पी. ने नक्सलियों को एक तय समय सीमा के भीतर आत्मसमर्पण करने का मौका देने की बात कही है। इसके बाद सुरक्षाबलों की कार्रवाई और तेज होने की संभावना है। जानकारों का कहना है कि नक्सली फिलहाल खुद को 31 मार्च 2026 तक सुरक्षित रखने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। उनकी बची हुई समितियां पूरी तरह अंडरग्राउंड हो चुकी हैं। आशंका जताई जा रही है कि 31 मार्च के बाद नक्सली अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की कोशिश कर सकते हैं। इसी दौरान संगठन के फिर विस्तार की भी तैयारी की जा सकती है।
बारसे देवा का आत्मसमर्पण, संगठन को बड़ा झटका
सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई के चलते बटालियन नंबर-1 के कमांडर बारसे देवा को तेलंगाना में आत्मसमर्पण करना पड़ा, जो कुख्यात नक्सली माड़वी हिड़मा का राइट हैंड माना जाता था। यह नक्सली संगठन के लिए एक और बड़ा झटका साबित हुआ है। बस्तर संभाग के कोंडागांव और बस्तर जिले में नक्सली लंबे समय से किसी भी बड़ी घटना को अंजाम देने में नाकाम रहे हैं। वहीं दंतेवाड़ा, नारायणपुर और कांकेर जिलों में सक्रिय नक्सली संगठन से जुड़े लगभग सभी कैडर हथियार डाल चुके हैं। (Final Aattack to Naxalism)
31 मार्च 2026 की डेडलाइन, उल्टी गिनती शुरू
वर्तमान में दक्षिण बस्तर के बीजापुर और सुकमा जिलों में ही नक्सलियों की 6 एरिया कमेटी सक्रिय हैं। इसके अलावा PLGA बटालियन से जुड़े करीब 60 नक्सली लड़ाके तेलंगाना सीमा के पास सुरक्षित पनाहगाह तलाश रहे हैं। कुल मिलाकर पापाराव समेत लगभग 150 नक्सली अब सुरक्षाबलों के निशाने पर हैं। बस्तर से नक्सलवाद के खात्मे के लिए 31 मार्च 2026 की डेडलाइन तय की गई है। अब इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए गिनती के दिन ही बचे हैं। ऐसे में सुरक्षाबलों ने बचे हुए नक्सलियों के खिलाफ अंतिम प्रहार की पूरी तैयारी कर ली है। (Final Aattack to Naxalism)
IED विस्फोट में 15 साल का नाबालिग घायल
इधर, बीजापुर के गंगालूर थाना क्षेत्र के कोरचोली गांव में नक्सलियों के लगाए गए प्रेशर IED की चपेट में आने से एक 15 साल का नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना सोमवार सुबह हुई, जब राम पोटाम नदीपारा गांव से जंगल क्षेत्र की ओर गया था। जानकारी के मुताबिक राम पोटाम सुबह लेंड्रा-कोरचोली जंगल क्षेत्र में गया था। इसी दौरान IED में विस्फोट हो गया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोटें आईं। विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई। घायल को तत्काल 222 बटालियन सीआरपीएफ के कोरचोली कैंप में प्राथमिक इलाज दिया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए बीजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जवानों ने लोगों से की अपील
घटना के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। जंगल और आसपास के इलाकों में IED निष्क्रियकरण की कार्रवाई लगातार जारी है, ताकि किसी अन्य अनहोनी को रोका जा सके। पुलिस और सुरक्षाबलों ने आम नागरिकों से अपील की है कि जंगल और दुर्गम क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें। साथ ही किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या सुरक्षा कैंप को दें। यह घटना एक बार फिर गंगालूर क्षेत्र में आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है और नक्सल प्रभावित इलाकों में सतर्कता की आवश्यकता को उजागर करती है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी और सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेंगे।



