छत्तीसगढ़ में शीतलहर का कहर, सरगुजा में 5 डिग्री से नीचे पारा, कई जिलों के लिए अलर्ट जारी
Cold Wave in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तर से आ रही सर्द हवाओं के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर चल रही है। मौसम विभाग ने बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई जिलों के लिए शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। खासकर सरगुजा संभाग में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखा जा रहा है, जहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
यह भी पढ़ें:- बस्तर में नक्सलवाद पर अंतिम प्रहार की तैयारी, फोर्स के निशाने पर पापाराव समेत 150 नक्सली
वहीं पेंड्रारोड में 6.8 डिग्री, रायपुर में 14.3, बिलासपुर में 12.6, दुर्ग में 12 और जगदलपुर में 12.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। पेंड्रा-अमरकंटक क्षेत्र शीतलहर की चपेट में है। सरगुजा संभाग में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। कई इलाकों में विजिबिलिटी 10 मीटर से भी कम दर्ज की गई। हालात ऐसे रहे कि वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर वाहन चलाने पड़े। कोहरे की वजह से सड़कों पर रफ्तार थम गई और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। (Cold Wave in Chhattisgarh)
अगले तीन दिन और गिरेगा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में बने दो मौसमी सिस्टम का असर खत्म हो गया है। इसके चलते अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है। इससे रात और सुबह के समय ठंड का असर और तेज होगा। सरगुजा, रायपुर और बिलासपुर संभाग के एक-दो जिलों में घना कोहरा बने रहने की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज हुआ। (Cold Wave in Chhattisgarh)



