ठंड से बढ़ा बीमारी का खतरा, अंबिकापुर में दूसरी मौत, हाइपोथर्मिया के 400 से ज्यादा मामले, अस्पतालों की OPD में भीड़

Risk of Cold illness: छत्तीसगढ़ में बढ़ती ठंड अब स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बनती जा रही है। सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में ठंड से दूसरी मौत का मामला सामने आया है। अंबिकापुर से लगे श्रीगढ़ में नए साल की रात एक बुजुर्ग की खुले में सोने के दौरान ठंड लगने से मौत हो गई। कम कपड़ों में खुले आसमान के नीचे सोने के कारण वे हाइपोथर्मिया की चपेट में आ गए। इससे पहले 11 दिसंबर को अंबिकापुर बस स्टैंड में खुले में सो रहे एक व्यक्ति की भी ठंड से मौत हो चुकी है। लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में शीतलहर का कहर, सरगुजा में 5 डिग्री से नीचे पारा, कई जिलों के लिए अलर्ट जारी
कड़ाके की ठंड का असर बच्चों और नवजातों पर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। बीते एक महीने में रायपुर के अंबेडकर अस्पताल समेत निजी अस्पतालों में हाइपोथर्मिया के 400 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चों का शरीर वयस्कों की तुलना में जल्दी ठंडा हो जाता है। नवजातों में मांसपेशियां पूरी तरह विकसित नहीं होती, जिससे वे ठंड सहन नहीं कर पाते। सीजेरियन डिलीवरी से जन्मे बच्चों में यह खतरा और बढ़ जाता है। (Risk of Cold illness)
OPD में मरीजों की बढ़ी भीड़
पर्याप्त सावधानी नहीं बरतने पर कई नवजातों को NICU और SNCU में भर्ती कर इलाज करना पड़ रहा है। शरीर का तापमान सामान्य से नीचे चले जाना हाइपोथर्मिया का प्रमुख लक्षण है, जो समय पर इलाज न मिलने पर जानलेवा हो सकता है। ठंड के चलते अस्पतालों की ओपीडी में भी मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अंबेडकर अस्पताल में मेडिसिन, पीडियाट्रिक और चेस्ट विभाग में 600 से ज्यादा मरीज सामने आए हैं। रोजाना करीब 2000 मरीज OPD में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। वायरल फीवर, सर्दी-खांसी और सांस से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। (Risk of Cold illness)
नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
शीतलहर को देखते हुए रायपुर नगर निगम ने शहर के 12 से ज्यादा जगहों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की है। बेघर, राहगीरों और जरूरतमंदों को ठंड से राहत देने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने भी एडवाइजरी जारी कर लोगों से अपील की है कि बेहद जरूरी होने पर ही बाहर निकलें, पूरी तरह गर्म कपड़े पहनें और बच्चों-बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। डॉक्टरों का कहना है कि तापमान में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव से न सिर्फ हाइपोथर्मिया बल्कि वायरल फीवर और मलेरिया का खतरा भी बढ़ सकता है। ऐसे में साफ-सफाई, मच्छरदानी का उपयोग और समय पर जांच बेहद जरूरी है।



