लोरमी राजघराने के बेटे की रीलबाजी पड़ी भारी, टाइगर रिजर्व में फायरिंग, तीन गिरफ्तार, एक नाबालिग फरार

Firing in Tiger Reserve: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में स्थित अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) के प्रतिबंधित कोर एरिया में हथियारों के साथ घुसकर फायरिंग करने और रील बनाने का मामला सामने आया है। चार हथियारबंद जंगल के भीतर घुसे, खुलेआम फायरिंग की, आग जलाई और दबंग-शिकारी अंदाज में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में बैकग्राउंड म्यूजिक और पुलिस सायरन की आवाज भी सुनाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़ें:- भूपेश सरकार में अटकी रही फाइलें, साय सरकार में केंद्र से तुरंत मिली मंजूरी, दाल-तिलहन की MSP खरीदी को हरी झंडी
वन विभाग ने पुलिस के सहयोग से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग आरोपी फरार है, जिसने वीडियो शूट किया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत दास (26 साल), अनिकेत मौर्य (27 साल) और विक्रांत वैष्णव (32 साल) के रूप में हुई है। वन विभाग ने आरोपियों के पास से 2 एयर राइफल और टाटा सफारी वाहन जब्त किया है। जब्त की गई टाटा सफारी अजीत दास की बताई जा रही है, जो लोरमी राजघराने से जुड़ा है। जबकि विक्रांत वैष्णव उसका जीजा है। अन्य आरोपी उसके दोस्त हैं।
जांच नाके पर की दबंगई
वायरल वीडियो में यह भी सामने आया है कि आरोपी युवकों ने जांच नाके पर भी दबंगई दिखाते हुए शूटिंग की। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं कि हथियारों के साथ युवक कोर एरिया में कैसे प्रवेश कर गए। बताया जा रहा है कि 1 जनवरी से ATR के कोर जोन में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। यह क्षेत्र टाइगर समेत कई शाकाहारी और मांसाहारी वन्यप्राणियों का प्राकृतिक आवास है। ऐसे में इस तरह की गतिविधियां न सिर्फ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम का उल्लंघन हैं, बल्कि वन्यजीवों के लिए गंभीर खतरा भी हैं। (Firing in Tiger Reserve)

वायरल वीडियो सुरही और जाखड़बांधा वन परिक्षेत्र के कोर जोन का बताया जा रहा है। घटना के बाद वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं एक बैरियर गार्ड को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। संबंधित रेंजर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सहायक संचालक (कोर) को पूरे मामले की जांच सौंपी गई है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। (Firing in Tiger Reserve)
वन्यजीव प्रेमियों में नाराजगी
घटना के बाद वन्यजीव प्रेमियों और पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने कड़ी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि इस तरह की लापरवाही से टाइगर रिजर्व की सुरक्षा और छवि दोनों को नुकसान पहुंचा है। वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि अगर टाइगर रिजर्व या वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिले, तो तत्काल विभाग को सूचित करें, ताकि वन्यजीवों और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। (Firing in Tiger Reserve)
देखिए वायरल वीडियो
टाइगर रिजर्व के कोर जोन से जुड़े नियम
वन संसाधनों का दोहन प्रतिबंधित: लकड़ी काटना, आग जलाना, खनन करना या जंगल से किसी भी तरह की सामग्री ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
निजी वाहनों पर सख्त नियंत्रण: बिना अनुमति निजी वाहनों का प्रवेश वर्जित है। सिर्फ अधिकृत सरकारी या विभागीय वाहन ही प्रवेश कर सकते हैं।
मोबाइल फोन के उपयोग पर रोक: कोर एरिया में मोबाइल फोन का अनावश्यक उपयोग, वीडियो-रील बनाना या लाइव स्ट्रीमिंग करना प्रतिबंधित है।
हथियार ले जाना प्रतिबंधित: वैध लाइसेंस होने के बावजूद टाइगर रिजर्व क्षेत्र में हथियार ले जाने की अनुमति नहीं होती।




