Google Analytics —— Meta Pixel

खैरागढ़ के स्कूल में प्रार्थना के दौरान बच्चों की तबीयत बिगड़ी, रतनजोत के बीज खाने से 17 बच्चे बीमार

Students Sick in Khairagarh: खैरागढ़ जिले के करमतरा गांव स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रार्थना के दौरान बच्चे एक-एक कर चक्कर खाकर जमीन पर गिरने लगे। जानकारी के मुताबिक स्कूल खुलने से पहले ही कई बच्चे स्कूल परिसर में पहुंच गए थे। इसी दौरान उन्होंने स्कूल के आसपास लगे रतनजोत के जहरीले पौधे के बीज को फल समझकर खा लिया। बच्चों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि यह पौधा बहुत जहरीला होता है और स्वास्थ्य के लिए गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।

यह भी पढ़ें:- चार साल पहले हुई लव मैरिज से नाराज था परिवार, भाइयों ने उजाड़ा बहन का सुहाग, जीजा की पीट-पीटकर हत्या

प्रार्थना शुरू होते ही बच्चों को उल्टियां होने लगी और चक्कर आने लगे। देखते ही देखते 16 से 17 बच्चे बीमार पड़ गए, जिनमें से कुछ बच्चे बेहोश होकर गिर पड़े। बच्चों की हालत बिगड़ते देख स्कूल में मौजूद शिक्षकों के हाथ-पांव फूल गए, लेकिन बिना समय गंवाए उन्होंने सभी बच्चों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालबांधा पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद सभी बच्चों को खैरागढ़ सिविल अस्पताल रेफर किया गया। खैरागढ़ सिविल अस्पताल के डॉक्टर पंकज वैष्णव ने बताया कि चार बच्चों पर रतनजोत के बीज का असर ज्यादा देखा गया है, जबकि बाकी बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर है। समय पर इलाज मिलने से किसी भी बच्चे की स्थिति गंभीर नहीं है। घटना की खबर फैलते ही पूरे करमतरा गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में पालक और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल परिसर और उसके आसपास लंबे समय से रतनजोत जैसे जहरीले पौधे लगे हुए हैं, लेकिन इन्हें हटाने या बच्चों को इसके खतरे के प्रति जागरूक करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बच्चों ने इन्हीं पौधों के बीज को फल समझकर खा लिया। इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी लालजी द्विवेदी ने कहा कि घटना की जानकारी उन्हें मीडिया के माध्यम से मिली है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग बच्चों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वहीं ग्रामीणों और पालकों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल परिसर की तत्काल जांच कराई जाए और सभी जहरीले पौधों को हटाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

Back to top button
error: Content is protected !!