Google Analytics —— Meta Pixel

प्यार के चक्कर में युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, नाबालिग गर्लफ्रेंड भी झुलसी

Chirimiri News: मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी नाबालिग गर्लफ्रेंड को डराने और उस पर दबाव बनाने के लिए खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। इस घटना में युवक के साथ-साथ नाबालिग लड़की भी गंभीर रूप से झुलस गई। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना चिरमिरी के वार्ड नंबर 26 की है। जानकारी के मुताबिक शुभम राय उर्फ गोलू सोमवार को नाबालिग लड़की के घर गया था और उससे साथ चलने की बात कही थी। लड़की के नाबालिग होने के कारण परिजनों ने शादी से साफ इनकार कर दिया था।

यह भी पढ़ें:- खैरागढ़ के स्कूल में प्रार्थना के दौरान बच्चों की तबीयत बिगड़ी, रतनजोत के बीज खाने से 17 बच्चे बीमार

मंगलवार को नाबालिग जब स्कूल जा रही थी, तभी शुभम ने उसे रास्ते में रोक लिया। उसने एक बार फिर लड़की को मनाने की कोशिश की, लेकिन जब लड़की ने उसकी बात मानने से इनकार कर दिया तो युवक ने अपनी जेब से पेट्रोल की बोतल निकाली और अपने पैरों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। आग की लपटें तेजी से फैल गई। युवक को जलता देख नाबालिग उसे बचाने के लिए आगे बढ़ी, लेकिन इस दौरान वह भी आग की चपेट में आ गई और बुरी तरह झुलस गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। (Chirimiri News)

आत्महत्या का नहीं था इरादा: पुलिस

चिरमिरी पुलिस के मुताबिक युवक का इरादा आत्महत्या करने का नहीं था। थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि युवक नाबालिग लड़की पर दबाव बनाना और उसे डराना चाहता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि युवक की इस हरकत से नाबालिग लड़की की जान खतरे में पड़ गई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है। (Chirimiri News)

Back to top button
error: Content is protected !!