Google Analytics —— Meta Pixel

एंबुलेंस की आड़ में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 2 करोड़ 60 लाख का गांजा जब्त

Ganja Smuggling in Ambulance: महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र के टेमरी नाका पर पुलिस ने एंबुलेंस की आड़ में हो रही गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जांच के दौरान पुलिस ने एक एंबुलेंस को रोका, जिसकी तलाशी लेने पर उसमें बना गुप्त चैंबर सामने आया। इस चैंबर से पुलिस ने 5 क्विंटल 20 किलो यानी कुल 520 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपए आंकी गई है। तलाशी के दौरान एंबुलेंस के भीतर से फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई है। एंबुलेंस पर लगी ओडिशा पासिंग नंबर प्लेट जांच में फर्जी पाई गई। इससे स्पष्ट हुआ कि तस्कर पुलिस और आम लोगों को गुमराह करने के लिए एंबुलेंस का इस्तेमाल कर रहे थे।

यह भी पढ़ें:- शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का झांसा, ओडिशा के सीमेंट कारोबारी से रायपुर में 2 करोड़ की ठगी

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर बाघ, सुशील तावड़े और संजू अहीरे के रूप में हुई है। तीनों आरोपी महाराष्ट्र के रहने वाले हैं, जो अंतर्राज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी में लिप्त बताए जा रहे हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी ओडिशा के भवानीपटना से गांजा लेकर महाराष्ट्र के नागपुर जा रहे थे। तस्करी के लिए उन्होंने एंबुलेंस का इस्तेमाल किया, ताकि चेक पोस्ट पर किसी को शक न हो, लेकिन टेमरी चेक पोस्ट पर सतर्क पुलिस ने एंबुलेंस को रोककर जांच की, जिसके बाद पूरा मामला उजागर हो गया।

कोमाखान पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क और संपर्कों की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि अब तस्कर मानवीय सेवा से जुड़े वाहनों का भी दुरुपयोग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा। (Ganja Smuggling in Ambulance)

जांजगीर में आरक्षक गांजा तस्करी में गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा की शिवरीनारायण पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए महासमुंद में पदस्थ एक आरक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी आरक्षक नाबालिग के साथ कार में गांजा की डिलीवरी के लिए निकला था। पुलिस ने कार से 15 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 7 लाख 85 हजार रुपए है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आरक्षक चंद्रशेखर साहू (साल 37) के रूप में हुई है, जो बसना के सलखंड का रहने वाला है, जो वर्तमान में पुलिस लाइन महासमुंद में पदस्थ है। 5 जनवरी को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली। मौके से आरोपी आरक्षक के साथ मौजूद नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया, जिसे किशोर न्यायालय में पेश किया गया है। आरोपी आरक्षक को रिमांड पर भेज दिया गया, जबकि पुलिस ने दो मोबाइल और कार को भी जब्त किया है।

महासमुंद में लगातार कार्रवाई

महासमुंद जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की ओर से नशीले पदार्थों की बिक्री और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बीते 15 दिनों में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 6 प्रकरणों में 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान कुल 113 किलो गांजा जब्त किया गया। 22 दिसंबर को सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में कार से 9 किलो गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत 4 लाख 50 हजार आंकी गई है। तस्करी करते 2 आरोपी ऋषिराज ठाकुर और उमेश वानखेड़े को भी गिरफ्तार किया गया, जो महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। 24 दिसंबर को सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में कार से 50 किलो गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत 25 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपी कुशल सिंह उत्तर प्रदेश के उरई का रहने वाला है। 25 दिसंबर को सांकरा थाना क्षेत्र में दो बाइक से 20 किलो गांजा जब्त जब्त किया गया, जिसकी कीमत 2 लाख आंकी गई है। साथ ही 4 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।

MP और महाराष्ट्र के आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के बालाघाट के रहने वाले विजय ठकरेले, हरिराम, विनोद बिसेन और पुशुलाल ठकरेले के रूप में हुई है। 29 दिसंबर को सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में एक बाइक से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान जबलपुर के ओमकार कुशवाहा और सपना बेन के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के पास से 8 किलो गांजा भी बरामद किया गया, जिसकी कीमत 4 लाख रुपए आंकी गई है। 5 जनवरी को सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में एक ऑटो से 26 किलो गांजा जब्त किया गया। साथ ही महाराष्ट्र के सागर साड़वे के रहने वाले मुर्शिद खान को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत 13 लाख रुपए बताई जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!