Google Analytics —— Meta Pixel

बंदूक छोड़ थामा विश्वास: सुकमा ने 7 महिला समेत 26 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 64 लाख का था इनाम

Naxalites Surrender in Sukma: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास नीति और सुकमा पुलिस की ओर से संचालित “पूना मार्गेम: पुनर्वास से पुनर्जीवन” अभियान से प्रभावित होकर 7 महिला समेत कुल 26 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ते हुए समाज की मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया है। सभी नक्सली कैडरों ने रक्षित आरक्षी केंद्र में आत्मसमर्पण किया। सरेंडर करने वाले नक्सली पीएलजीए बटालियन, दक्षिण बस्तर डिवीजन, माड़ डिवीजन और एओबी (AOB) क्षेत्र में सक्रिय थे।

यह भी पढ़ें:- CM हाउस में साल का पहला जनदर्शन आज, मुख्यमंत्री साय सुनेंगे लोगों की समस्याएं

सभी सरेंडर नक्सली पर कुल 64 लाख रुपए का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पित नक्सलियों में CYPCM-01, DVCM-01, PPCM-03, ACM-03 और पार्टी सदस्य-18 रैंक के कैडर शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक आत्मसमर्पित नक्सली सुकमा, माड़ क्षेत्र और सीमावर्ती ओडिशा में हुई कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहे हैं। इनमें 2017 में सोनाबेड़ा-कोरापुट मार्ग पर IED विस्फोट भी शामिल है, जिसमें 14 जवान शहीद हो गए थे। वहीं 2020 में मिनपा जंगल मुठभेड़ में 17 जवान शहीद हुए थे। 2021 में नक्सलियों ने टेकलगुड़ा में एम्बुश लगाकर जवानों पर हमला किया था, जिसमें 22 जवान शहीद हुए थे। नक्सलियों ने 2023 में जगरगुंडा क्षेत्र में पुलिस पार्टी पर हमला किया था, जिसमें 3 जवान शहीद हुए थे। (Naxalites Surrender in Sukma)

‘पूना मार्गेम’ अभियान बना भरोसे का प्रतीक

सुकमा पुलिस ने बताया कि अति संवेदनशील और अंदरूनी क्षेत्रों में नए सुरक्षा कैंपों की स्थापना, निरंतर तेज नक्सल ऑपरेशन और मजबूत आसूचना तंत्र के चलते नक्सली संगठन पर लगातार दबाव बना हुआ है। इसी दबाव के कारण संगठन के भीतर असंतोष बढ़ा है और बड़ी संख्या में कैडर आत्मसमर्पण का रास्ता अपना रहे हैं। “पूना मार्गेम: पुनर्वास से पुनर्जीवन” अभियान नक्सल विचारधारा से भटके युवाओं और महिलाओं के लिए भरोसे का माध्यम बनकर सामने आया है। इस अभियान के तहत आत्मसमर्पण करने वालों को सुरक्षा, सम्मान और पुनर्वास की ठोस गारंटी दी जा रही है, जिससे वे लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास जता रहे हैं।

पुनर्वास नीति के तहत मिलेगा लाभ

सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों को छत्तीसगढ़ शासन की छत्तीसगढ़ नक्सलवादी आत्मसमर्पण/पीड़ित राहत पुनर्वास नीति 2025 के तहत प्रत्येक को 50-50 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि, घोषित इनाम की राशि और अन्य पुनर्वास सुविधाएं दी जाएंगी, ताकि वे आत्मनिर्भर और शांतिपूर्ण जीवन जी सकें। SP किरण चव्हाण ने बचे हुए नक्सलियों से अपील की है कि वे हिंसा का मार्ग छोड़कर शांति और विकास के रास्ते को अपनाएं और ‘पूना मार्गेम’ अभियान से जुड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटें। पुलिस का कहना है कि नक्सल मुक्त बस्तर की दिशा में अभियान अब निर्णायक मोड़ पर है। (Naxalites Surrender in Sukma)

Back to top button
error: Content is protected !!