Google Analytics —— Meta Pixel

दो महीने से बेटे के शव का इंतजार, DNA रिपोर्ट के भरोसे सिस्टम की चौखट पर भटक रहा गरीब परिवार

Surajpur DNA Test Case: कहते हैं कि मौत के बाद इंसान को सम्मानजनक विदाई मिलनी चाहिए, लेकिन छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से सामने आया यह मामला इस कहावत पर करारा तमाचा है। जिले के बाजार पारा का रहने वाला एक गरीब परिवार पिछले दो महीनों से अपने बेटे के शव के लिए पुलिस दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर है। विडंबना यह है कि अपने ही बेटे का अंतिम संस्कार करने के लिए परिवार आज भी सरकारी कागज यानी DNA रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।

यह भी पढ़ें:- बंदूक छोड़ थामा विश्वास: सुकमा ने 7 महिला समेत 26 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 64 लाख का था इनाम

मामले की शुरुआत नवंबर 2025 में हुई, जब मानपुर रिंग रोड स्थित एक कुएं से एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया। शुरुआती जांच में पुलिस ने गंभीर लापरवाही बरतते हुए शव की पहचान चंद्रपुर के रहने वाले पुरुषोत्तम के रूप में कर दी और शव उसके परिजनों को सौंप दिया। मामले ने उस वक्त हैरतअंगेज मोड़ ले लिया, जब मृत घोषित किया गया युवक दो दिन बाद जीवित घर लौट आया। पुलिस की इस भारी चूक ने न सिर्फ विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए, बल्कि मृतक की असली पहचान फिर से एक बड़ी चुनौती बन गई। (Surajpur DNA Test Case)

महुआ पारा की महिला ने बेटे के रूप में की पहचान

काफी मशक्कत के बाद सूरजपुर के महुआ पारा की रहने वाली श्यामा देवांगन ने कुएं से मिले शव की पहचान अपने बेटे केशव देवांगन के रूप में की। पहले हुई गलती से सबक लेते हुए पुलिस ने इस बार शव सौंपने से पहले DNA टेस्ट कराने का फैसला लिया और सैंपल जांच के लिए रायपुर भेजा गया। DNA सैंपल भेजे हुए दो महीने से ज्यादा का वक्त बीत चुका है, लेकिन अब तक रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट के अभाव में पुलिस शव सौंपने में असमर्थ है, जिसके चलते परिजनों ने अब तक अपने बेटे का अंतिम संस्कार नहीं किया है। परिवार का दुख समय के साथ और गहराता जा रहा है। (Surajpur DNA Test Case)

Accident in Bilaspur
Death File Photo

पूरे मामले में पुलिस विभाग की ओर से लगातार यही बयान दिया जा रहा है कि DNA रिपोर्ट जल्द ही आ जाएगी और रिपोर्ट मिलते ही शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। हालांकि कब रिपोर्ट आएगी, इस सवाल का स्पष्ट जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है। सूरजपुर के एडिशनल एसपी संतोष कुमार महतो ने कहा कि DNA रिपोर्ट आते ही आगे की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस मामले का सबसे दुखद पहलू यह है कि मृतक का परिवार बेहद गरीब और असहाय है। मां दूसरों के घरों में झाड़ू-पोछा कर किसी तरह परिवार का पेट पालती है, जबकि पिता विकलांग हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं।

सवालों के घेरे में सिस्टम

परिवार के पास न तो इतने पैसे हैं कि वे रोज पुलिस दफ्तरों के चक्कर लगा सकें और न ही इतनी पहुंच कि सिस्टम पर दबाव बना सकें। एक ओर माता-पिता अपने जवान बेटे को खोने के सदमे से उबर नहीं पाए हैं, वहीं दूसरी ओर सिस्टम की कछुआ चाल उनके जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रही है। सवाल यह है कि आखिर एक गरीब परिवार को अपने ही बेटे के अंतिम संस्कार के लिए महीनों इंतजार क्यों करना पड़ रहा है ? (Surajpur DNA Test Case)

Back to top button
error: Content is protected !!